गरीब असहाय के लिये हमेशा खड़ा रहूंगा …. सिसोदिया

डॉ. अम्बेडकर जयंती पर पर्यावरण, मानव अधिकार कार्यशाला में नंगे पांव का हुआ पादुका वरण

अम्बिकापुर

बाबा साहेब डॉ. अम्बेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में आज निजी होटल में पर्यावरण एवं मानव अधिकार के विषय को लेकर आयोजित कार्यशाला में 17 वर्षों तक नंगे पांव रहे राजेश सिंह सिसोदिया का पादुकावरण समारोह भी सम्पन्न हुआ। इस दौरान श्री सिसोदिया का कहना था कि वे मूलरूप से बाल तस्करी, बाल वैश्यवृत्ति व बाल श्रम को रोकने के लिये नंगे पांव अनुवरत जुटे रहे। 2004 से नागरिक राजनैतिक अधिकारों पर लड़ते हुये 2008 से भ्रष्टाचार के मुद्दों पर अपनी आवाज बुलंद करते हुये अपनी पहचान बनाई। आज पादुकावरण के दौरान उन्होंने संकल्प लिया कि अब वे समाज का दूसरा तबका गरीब वर्ग के लिये हमेशा जागे रहेंगे।

कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि सरगुजा को श्री सिसोदिया एक सत्याग्रह की तरह पहचान दिलाने वाले हैं। मैं उनके इस त्याग को नमन करता हूॅ। आगे भी वे अपने उद्देश्य को लेकर आगे बढ़ते रहे उनसे यही कामना है। पर्यावरण विषय को लेकर उन्होंने कहा कि बिना जागरूकता को जोड़े यह विषय पूरा नहीं हो सकता। निगम में ठोस एवं अपशिष्ठ द्रव्य प्रोजेक्ट की शुरूआत के बारे में उन्होंने बताया कि पर्यावरण को साथ रखने निगम के इस कार्य में नागरिकों का भरपूर सहयोग मिला है। जिस तरह नागरिकों ने स्वच्छ अभियान में बढ़-चढ़कर अपना सहयोग दिया, उसी प्रकार उनके नये प्रोजेक्ट सिवरेज सेप्टि मैनेजमेंट में नागरिकों से सहयोग करने की अपील की। उन्होंने बताया कि अम्बिकापुर में अधिकांश नागरिक सेप्टि टैंक के पानी को सीधे नालियों से जोड़ देते हैं जो नगर निगम अधिनियम के तहत गलत तो है ही साथ ही पर्यावरण भी दूषित हो रहा है। पर्यावरण को संरक्षण करने के लिये कंधे से कंधा मिलाने की आवश्यकता है। मानव अधिकार की बात करते हुये उन्होंने डॉ. अम्बेडकर को याद किया और कहा कि बाबा साहेब दलितों के ही नहीं अपितु पूरे देश के लिये आदर्श हैं। उन्होंने सभी के लिये एक व्यवस्था दी है। आज मानव में समानता का अधिकार लाना जरूरी है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि व्यक्ति जब कुछ जीवन में प्राप्त करता है तो उसका नाम होता है। श्री सिसोदिया ने त्याग करके अपना ही नहीं बल्कि सरगुजा का नाम बढ़ाया है। त्याग करके भी आप सभी समाज में अपना नाम कमा सकते हैं। आज चरण पादुकावरण का जो दिन तय किया गया, वह भी काफी महत्वपूर्ण हैं। आज हम डॉ. अम्बेडकर की 125 वीं जयंती मना रहे हैं। हम सभी उन्हें संविधान निर्माता के रूप में जानते हैं। डॉ. अम्बेडकर जिस समाजिक परिवेश में जन्म लिये, वहां अछूत माना जाता था। उन चुनौतियों का सामना करते हुये संघर्ष करते हुये वे देश और दुनिया में अपना अलग स्थान न सिर्फ बनाये बल्कि समाज की कुरीतियों को दूर किया। श्री सोनी ने राजेश सिंह सिसोदिया के लम्बे संघर्ष से सामाजिक न्याय की दिशा में काम करने पर उन्हें और उनके संघर्ष को सलाम किया।

सीसीएफ जीपी चंद्राकर ने कहा कि नंगे पांव 17 वर्ष तक रहकर श्री सिसोदिया ने एक उदाहरण प्रस्तुत किया है कि कैसे आज के समय में अपने मिशन व मानवता की सेवा में अपने को किस हद तक समर्पित करना चाहिये। पर्यावरण को लेकर उन्होंने कहा कि वर्तमान में पर्यावरण को बचाने हम सभी को गंभीर चिंतन व मनन करने की आवश्यकता है। पर्यावरण को बचाने लोगों को जागरूक करना सबसे महत्वपूर्ण हैं। स्कूली बच्चों, लीडर व समाज में रहने वाले हर तबके को पर्यावरण के महत्व को समझना होगा, तब जाकर हम कुछ अच्छा कर पायेंगे।

जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री जेपी श्रीवास्तव ने कहा कि नंगे पांव से धरती का जो एहसास होता है वह जूते पहनने से नहीं होता। कांटों से रिश्ता बनाना है तो जूते उतारने ही पड़ेंगे। श्री सिसोदिया ने 17 वर्ष तक  नंगे पांव रहकर काफी हद तक लोगों को न्याय दिलाने का अपना संकल्प पूरा किया है। इस दौरान पत्रकारिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने पर पत्रकार दीपक सराठे का स्मृति चिन्ह भेंटकर अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सरगुजा विश्वविद्यालय के यूडीटी श्री रंगा व राष्ट्रीय सेवा योजना के प्रभारी डॉ. अनिल सिन्हा ने भी संबोधित किया। इस दौरान भाजपा जिला अध्यक्ष अखिलेश सोनी, महापौर डाँ अजय तिर्की , जे.पी.श्रीवास्तव,  प्रोफेसर प्रतिभा सिंह, प्राचार्य एमपी सिंह, प्रोफेसर श्री दत्ता सहित भारी संख्या में शिक्षक, प्रोफेसर सहित छात्र-छात्रायें मौजूद थी।