मंझोले-छोटे शहरों को भी जल्द मिलेगी सिटी बसों की सेवा : डॉ. रमन सिंह

रायपुर 08 अक्टूबर 2014

  • मुख्यमंत्री ने अम्बिकापुर में की पेयजल आवर्धन योजना और बायपास सड़क की घोषणा
  • लगभग 107 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन
  • विभिन्न योजनाओं में तेरह सौ हितग्राहियों को राशि और सामग्री वितरित
  • राज्य के प्रथम हाईटेक पुलिस थाना भवन का भी लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि राज्य सरकार राजधानी रायपुर सहित छत्तीसगढ़ के मंझोले और छोटे शहरों के लोगों को भी सिटी बस सेवा की सुविधा देना चाहती है। इसी कड़ी में 70 मंझोले और छोटे शहरों के लिए 451 सिटी बसों की मंजूरी दी गयी है। इनमें से अम्बिकापुर नगर निगम को 35 सिटी बसें मिलेंगी। इनका परिचालन जल्द शुरू किया जाएगा। शहर के आस पास विश्रामपुर, भटगांव, राजपुर, मैनपाट और सीतापुर क्षेत्र के लोगों और छात्र-छात्राओं को इसका लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री आज जिला मुख्यालय अम्बिकापुर में एक विशाल जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने जिला मुख्यालय में पेयजल आवर्धन योजना और दस किलोमीटर में बायपास सड़क निर्माण की मंजूरी देने की भी घोषणा की। डॉ. सिंह ने इस अवसर पर सरगुजा जिले के विभिन्न विकासखण्डों के लिए लगभग 107 करोड़ रूपए के 76 निर्माण कार्यो का लोकार्पण, भूमिपूजन और शिलान्यास किया। लोकार्पित भवनों में जिला परिवहन कार्यालय भवन सहित प्रतापगढ़ और परसा में निर्मित मॉडल स्कूल भवन,बतौली और मैनपाट के लिए निर्मित कन्या छात्रावास भवन भी शामिल हैं। डॉ. सिंह ने आज के कार्यक्रम में सरगुजा जिले में लोक निर्माण विभाग द्वारा पूर्ण किए गए लगभग 21 करोड़ रूपए के 34 निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने जल संसाधन विभाग की अनेक छोटी सिंचाई परियोजनाओं का भी लोकार्पण किया। डॉ. सिंह ने लगभग 27 करोड़ रूपए के सात नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन और शिलान्यास किया।

मुख्यमंत्री ने आम सभा में कहा कि सरकार की योजनाओं के साथ-साथ जनता के सहयोग से सरगुजा बहुत जल्द राज्य के अग्रणी जिले के रूप में विकसित होगा।  डॉ. सिंह ने अम्बिकापुर प्रवास के दौरान वहां राज्य के प्रथम हाईटेक पुलिस थाना भवन का भी लोकार्पण किया, जहां आवेदकों को ऑन लाइन एफ.आई.आर. दर्ज करने की सुविधा मिलेगी। लगभग दो करोड़ रूपए की लागत से छत्तीसगढ़ पुलिस हाउसिंग बोर्ड ने इसका निर्माण किया है। डॉ. रमन सिंह ने बताया कि राज्य में इस प्रकार के 75 हाईटेक थाना भवनों का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने अम्बिकापुर की आम सभा में राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के तहत लगभग एक हजार 300 हितग्राहियों को सहायता राशि के चेक वितरित किए। डॉ. सिंह ने अम्बिकापुर शहर की पेयजल योजना के विस्तार के लिए जल आवर्धन योजना को भी मंजूर करने की घोषणा की। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारियों को इसके लिए कार्य योजना जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। यह पेयजल आवर्धन योजना निकटवर्ती श्याम घुनघुट्टा सिंचाई जलाशय पर आधारित होगी। मुख्यमंत्री ने आमसभा में कहा कि अम्बिकापुर शहर को भी निकट भविष्य में स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा।

डॉ. रमन सिंह ने आम सभा में प्रदेश के युवाओं के लिए संचालित कौशल उन्नयन योजना, आजीविका कॉलेज (लाइवलीहुड कॉलेज), गरीब परिवारों में बेटियों के जन्म पर उन्हें आर्थिक सुरक्षा देने नोनी सुरक्षा योजना, स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए प्रदेश में मनाए जा रहे शिक्षा गुणवत्ता उन्नयन वर्ष, किसानों को ब्याज मुक्त ऋण सहित दी जा रही विभिन्न सुविधाओं पर भी प्रकाश डाला। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेशवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं देने के हर संभव प्रयास कर रही है। हृदय रोग पीड़ित बच्चों के निःशुल्क इलाज और सरकारी खर्च पर ऑपरेशन के लिए मुख्यमंत्री बाल हृदय सुरक्षा योजना का संचालन किया जा रहा है। डॉ. सिंह ने कहा कि महिलाओं और तीन वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कुपोषण से बचाने के लिए सरगुजा सहित राज्य के 19 आदिवासी बहुल जिलों के 85 विकासखण्डों में फुलवारी योजना शुरू की गई है। उन्होंने राष्ट्रीय स्वच्छता अभियान का उल्लेख करते हुए सभी लोगों से अपने घर-आंगन के साथ-साथ अपने वार्ड, गांव और शहर साफ-सुथरा रखने की अपील की।

आम सभा को स्वास्थ्य और नगरीय प्रशासन मंत्री श्री अमर अग्रवाल, लोकसभा सांसद श्री कमलभान सिंह तथा नगर निगम के महापौर श्री प्रबोध मिंज सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने सम्बोधित किया। छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष श्री धरमलाल कौशिक, राज्य हस्तशिल्प विकास निगम के पूर्व अध्यक्ष मेजर अनिल सिंह, नगर निगम के सभापति श्री त्रिलोक कपूर कुशवाहा, विधायक श्रीमती रजनी त्रिपाठी, पूर्व विधायक श्री सिद्धनाथ पैकरा और सरगुजा संभाग के कमिश्नर श्री टी.सी. महावर सहित प्रशासन के अनेक वरिष्ठ अधिकारी और जिले की विभिन्न संस्थाओं के पदाधिकारी इस अवसर पर उपस्थित थे।