बेमेतरा। जिले में मिलावटखोरों के खिलाफ प्रशासन ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। बेरला विकासखंड के बहेरा स्थित लिमाही चौक पर संचालित ‘उत्सव डेयरी’ में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने देर रात दबिश देकर बड़े पैमाने पर अनहाइजीनिक तरीके से बनाए जा रहे खोवा और पनीर का भंडाफोड़ किया है। टीम ने मौके से लगभग 2,000 से 3,000 किलोग्राम दूषित पनीर जब्त कर उसे मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
इस संयुक्त कार्रवाई में स्टेट विजिलेंस टीम (फूड एंड सेफ्टी डिपार्टमेंट) से डोमेन ध्रुव और आशीष कुमार यादव, तथा बेमेतरा खाद्य एवं औषधि प्रशासन से राजू कुर्रे शामिल रहे। जांच के दौरान फैक्ट्री के भीतर गंदगी का अंबार पाया गया, जिससे खाद्य सुरक्षा मानकों और फैक्ट्री की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि उत्सव डेयरी का संचालक अजीत साहू मूल रूप से हरियाणा का निवासी है। लंबे समय से आसपास के रहवासी इस फैक्ट्री से निकलने वाले गंदे पानी और असहनीय बदबू से परेशान थे, जिसकी शिकायत प्रशासन से की गई थी। देर रात तक चली इस कार्रवाई के दौरान खाद्य एवं औषधि विभाग के साथ नगर पंचायत और पुलिस विभाग की टीम भी मौके पर तैनात रही। फिलहाल विभाग द्वारा सैंपल जांच और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
