डॉ. रमन सिंह ने किया 64.33 करोड़ से ज्यादा के 37 कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

मुख्यमंत्री ने दी नये कॉलेज भवन की सौगात

रायपुर 

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज पाटन तहसील के ग्राम जामगांव (आर) में दो करोड़ 08 लाख रूपए की लागत से शासकीय कॉलेज के लिए निर्मित नये भवन का लोकार्पण किया। इसे मिलाकर उन्होंने वहां आज के कार्यक्रम में 64 करोड़ 33 लाख रूपए से अधिक लागत के 37 विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इनमें सात करोड़ 82 लाख 44 हजार रूपए के पूर्ण हो चुके 18 कार्यों का लोकार्पण और 56 करोड़ 51 लाख रूपए के 19 नये स्वीकृत निर्माण कार्यों का भूमिपूजन शामिल हैं। डॉ. सिंह ने इस मौके पर कॉलेज के लगभग तीन सौ विद्यार्थियों को छत्तीसगढ़ युवा सूचना क्रांति योजना के तहत निःशुल्क टेबलेट का भी वितरण किया। उन्होंने समारोह में विभिन्न योजनाओं के तहत हितग्राहियों को एक करोड़ रूपए से अधिक राशि की सामग्री का भी वितरण किया। मुख्यमंत्री द्वारा लोकार्पित 18 निर्माण कार्यों में दो करोड़ 10 लाख रूपए की लागत से निर्मित कुल तीन शासकीय हायर सेकेण्डरी स्कूल भवन और दो करोड़ 48 लाख 34 हजार रूपए की लागत से निर्मित नौ शासकीय हाई स्कूल भवन शामिल हैं। हायर सेकेण्डरी स्कूल भवनों का निर्माण ग्राम ओदरागहन, मर्रा और जामगांव (एम) में किया गया है। हाई स्कूल भवन ग्राम भरर, केसरा, धौराभाठा, गबदी, जमराव, जंजगिरी, पंहडोर, जामगांव (एम) और सीरसाकला में किया गया है। मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर क्षेत्र के नौ विभिन्न गांवों में बनने वाले मिनी स्टेडियमों का भूमिपूजन किया। इनका निर्माण ग्राम झींट, असोगा, मचांदुर, अण्डा, चंदखुरी, पुरई, मोहलई, थनौद और करंजा (भिलाई) में किया जाएगा। उन्होंने पाटन शहर के लिए 13 करोड़ 77 लाख रूपए की लागत वाली आवर्धन जल-प्रदाय योजना का भी भूमिपूजन किया। समारोह की अध्यक्षता राजस्व और उच्च शिक्षा मंत्री श्री प्रेमप्रकाश पाण्डेय ने की। इस मौके पर आवास, पर्यावरण एवं लोक निर्माण मंत्री श्री राजेश मूणत, महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती रमशिला साहू, संसदीय सचिव और साजा के विधायक श्री लाभचंद बाफना, अहिवारा के विधायक श्री सांवलाराम डाहरे, पूर्व संसदीय सचिव श्री विजय बघेल, रायपुर-दुर्ग संभाग के कमिश्नर श्री अशोक अग्रवाल और स्थानीय जनप्रतिनिधियों सहित संबंधित अधिकारी भी उपस्थित थे।