अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग में बीते छह महीनों से दहशत का पर्याय बना खूंखार ‘कबरा कान’ हाथी अब और भी अधिक खतरनाक हो गया है। बलरामपुर, सूरजपुर और सरगुजा जिले में अब तक 19 लोगों की जान ले चुका यह हाथी 17 हाथियों के एक नए दल में शामिल हो गया है। चौंकाने वाली बात यह है कि कबरा कान ने इस दल के पुराने लीडर को लड़ाई में परास्त कर खदेड़ दिया है और अब खुद पूरे झुंड का नेतृत्व कर रहा है। दल की सुरक्षा घेरे में होने के कारण वन विभाग की रेस्क्यू टीम के लिए उसे ट्रैंकुलाइज करना बड़ी चुनौती बन गया है।
फिलहाल यह पूरा दल ऐतिहासिक रामगढ़ पहाड़ के समीप स्थित पार्वती गुफा और बड़े तुर्रा के जंगलों में विचरण कर रहा है। इससे पहले शनिवार को यह झुंड कुसुवामुड़ा जंगल में डेरा डाले हुए था, जहाँ से रात के अंधेरे में निकलकर सुखरीभंडार, आमा डुग्गू और बेलढाब के रास्ते रविवार सुबह बोंगरू होते हुए रामगढ़ क्षेत्र में जा पहुंचा। उदयपुर वन परिक्षेत्र के अंतर्गत हाथियों की इस हलचल ने वन अमले की नींद उड़ा दी है।
कबरा कान को काबू में करने के लिए वन विभाग ने पूरी ताकत झोंक दी है। दो कुमकी हाथियों की मदद से उसकी घेराबंदी और ट्रैकिंग की जा रही है, जिसमें कुमकी हाथी ‘तीरथ राम’ को लेकर महावतों की टीम घने जंगल में उतर चुकी है। इसके साथ ही पैदल ट्रैकर्स की दो अलग-अलग टीमें भी चौबीसों घंटे हाथियों के दल की निगरानी कर रही हैं। अधिकारियों का कहना है कि झुंड के बीच होने के कारण फिलहाल ट्रैंकुलाइज करना जोखिम भरा है, इसलिए टीम उसके दल से अलग होने का इंतजार कर रही है ताकि उचित समय मिलते ही ऑपरेशन को अंजाम दिया जा सके।
दूसरी ओर, हाथी की आक्रामकता और अनियमित चाल को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े एहतियात बरते हैं। ग्रामीणों को जंगल और हाथियों के संभावित मार्ग से दूर रहने की लगातार समझाइश दी जा रही है। इससे पहले एहतियात के तौर पर शिक्षा विभाग ने झिरमिटी संकुल के 6, सायर संकुल के 10 और महेशपुर संकुल के 2 सहित कुल 18 स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी थी। हालांकि रविवार अवकाश का दिन होने के कारण विद्यालय बंद रहे, लेकिन हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए आसपास के गांवों में अलर्ट जारी है।
