कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 21 नवंबर को आएंगी इलाहाबाद

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी 21 नवंबर को इलाहाबाद आ रही हैं। सोनिया गांधी स्वराज भवन में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म शताब्दी समारोह में चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगी।

उद्घाटन के बाद वह शहर के विशिष्ट नागरिकों के साथ मुलाकात भी करेंगी। कांग्रेस अध्यक्ष विशेष विमान से आएंगी और चित्र प्रदर्शनी समारोह में भाग लेने के बाद दिल्ली वापस लौट जाएंगी। प्रदर्शनी 19 नवंबर से शुरू होगी पर उद्घाटन दो दिन बाद होगा।

सोनिया गांधी के इलाहाबाद आगमन की सूचना के मद्देनजर इंदिरा गांधी के पैतृक निवास स्वराज भवन में तैयारी शुरू हो गई है। सोनिया से मिलने वाले मेहमानों की लिस्ट तैयार करने की जिम्मेदारी विधायक अनुग्रह नारायण सिंह को सौंपी गई है।

समारोह की तैयारियों के सिलसिले में विधायक अनुग्रह शुक्रवार को दिल्ली जाएंगे। विधायक शनिवार को सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी से मिलकर समारोह की तैयारी पर चर्चा करेंगे। अनुग्रह ने बताया कि दिल्ली में मीटिंग के बाद समारोह के बारे में विस्तार से पता चलेगा।

कांग्रेस कार्यकारिणी में हो सकती है चर्चा

इलाहाबाद। सात नवंबर को दिल्ली में प्रस्तावित कांग्रेस कार्यकारिणी की बैठक में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के जन्म शताब्दी समारोह पर चर्चा हो सकती है। पार्टी सूत्रों के अनुसार कांग्रेस कार्य समिति की मीटिंग के बाद जन्म शताब्दी समारोह के तहत इलाहाबाद में होने वाले कार्यक्रमों की औपचारिक घोषणा हो सकती है।

13 फरवरी को सोनिया ने दिया था संकेत

इलाहाबाद। पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का जन्म शताब्दी समारोह मनाने की घोषणा कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने स्वराज भवन में की थी। दो दिवसीय दौरे पर बीते 12 फरवरी को अचानक इलाहाबाद आईं सोनिया गांधी ने 13 फरवरी को कांग्रेसियों से मुलाकात के दौरान इंदिरा गांधी का जन्म शताब्दी समारोह स्वराज भवन में मनाने की बात कही थी। सोनिया की घोषणा के बाद से आयोजन को लेकर कई तरह की खबरें आती रहीं लेकिन कांग्रेस हाईकमान ने कुछ भी घोषित नहीं किया।