CG – महिला की संदिग्ध हालत में मिली लाश: घर में वृद्ध महिला अर्धनग्न लाश मिलने से सनसनी… चेहरे और गुप्तांग पर चोंट के निशान.. रेप के बाद मर्डर की आशंका


जांजगीर चांपा: छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा में रविवार सुबह एक वृद्ध महिला का संदिग्ध हालत में शव मिला है। शव उसके घर में ही जमीन पर अर्धनग्न हालत में पड़ा मिला हुआ था। महिला के चेहरे और गुप्तांग पर चोट के निशान भी मिले हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। शव की स्थिति देख दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। मामला अकलतरा थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, वार्ड-2 निवासी मंजू मानिकपुरी (55 वर्ष) के पति की करीब 3 साल पहले मौत हो गई थी। उसके कोई बच्चे भी नहीं थे। महिला घर में अकेले ही रहती थी और दूसरों के घरों में काम करती थी। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह जब काफी देर तक महिला घर से बाहर नहीं निकली तो पड़ोसी उसे देखने के लिए पहुंचे। वहां अंदर कमरे के दरवाजे के पास ही महिला का अर्धनग्न शव पड़ा हुआ था।

इसके बाद पड़ोसियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। अकलतरा थाना प्रभारी लखेश केवट ने बताया कि महिला के शरीर पर चोट के निशान मिले हैं। उसकी नाक से खून निकल रहा था। गुप्तांग पर भी चोट के निशान थे। ऐसे में आशंका है कि महिला की हत्या करने से पहले उससे दुष्कर्म किया गया। यह भी आशंका है कि कातिल को महिला पहले से ही जानती थी। घर में कहीं से जबरदस्ती घुसने को लेकर अभी तक कुछ पता नहीं चला है।