पांच दिन में कैसे होगी डेढ़ करोड़ की राजस्व वसूली…. नगर निगम के सामने चुनौती

nager nigam ambikapur
nager nigam ambikapur

सम्पत्ति व समेकित कर वसूली की गति हुई धीमी

 

अम्बिकापुर

नगर निगम द्वारा संपत्ति और समेकित करों की वसूली में धीमी गति होने से लक्ष्य की पूर्ति हो पाना आसान नहीं लग रहा है। निगम अधिकारियों की मानें तो इस वित्तीय वर्ष के एक सप्ताह और बचे हैं और निगम को अभी भी मार्च लक्ष्य के अनुसार दो करोड़ के आसपास की वसूली करनी बाकी है। गौरतलब है कि निगम की खस्ता हालत को देखते हुये महापौर डॉ. अजय तिर्की व निगम जनप्रतिनिधियों ने राजस्व व निगम अधिकारियों -कर्मचारियों की टीम के साथ एक योजना बनाकर गत जनवरी व फरवरी महीने के वसूली अभियान के बाद ढाई करोड़ की वसूली कराई थी, लेकिन मार्च में मिले लक्ष्य के अनुसार अब करों की वसूली में गति धीमी पड़ती दिख रही है, जिसे देखते हुये राजस्व वसूली कर्मचारियों को होली के बाद एक बार पुनरू अभियान तेज करने को कहा गया है, जिसके मद्देनजर करीब एक दर्जन से अधिक बड़े बकायादारों को कुर्की की नोटिस दी गई है। पूर्व में कुल 51 बकायादारों को जिन्हें कुर्की की नोटिस भेजी गई थी उनमें से आधे से अधिक बकायादारों ने टैक्स जमा कर दिया है। इसके बाद भी मार्च माह का लक्ष्य को देखते हुये बचे हुये दिनों में योजनाबद्ध तरीके से वसूली का अभियान चलाने की बात कही जा रही है। इस संबंध में राजस्व विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इस वर्ष 6 करोड़ का राजस्व लक्ष्य मिला था, जिसमें अभी तक लगभग 4.50 करोड़ की वसूली की जा चुकी है, शेष बचे 5 दिनों में डेढ़ करोड़ करों की वसूली करना बाकी है। उम्मीद की जा रही है कि शेष बचे दिनों में लगभग 50 लाख रूपये और आ सकते हैं। इस हिसाब से 6 करोड़ में से 5 करोड़ के आसपास वसूली हो जाने की संभावना है। उल्लेखनीय है कि निगम में राजस्व वसूली की खस्ताहाल स्थिति के कारण यहां के कर्मचारियों को 3 से 4 माह में वेतन का आवंटन हो पाता है, वहीं जानकारी के अनुसार प्लेसमेंट कर्मचारियों को तो 5 से 6 महीने में ही एक माह का वेतन मिल पा रहा है।

अगले सेशन तक सुधर जायेगी स्थिति-महापौर
राजस्व वसूली के संबंध में अम्बिकापुर नगर निगम महापौर डॉ. अजय तिर्की ने चर्चा के दौरान बताया कि पिछले बार की अपेक्षा इस वर्ष काफी अच्छी राजस्व वसूली हुई है। वसूली ठीक हो इसके लिये जनवरी माह से ही इसे अभियान का स्वरूप देकर राजस्व वसूली किया जा रहा है। यह अभियान आगामी सेशन में भी इसी प्रकार प्रभावशाली होगा। अगले सेशन तक राजस्व वसूली की स्थिति और अच्छी हो जायेगी।