विकास यात्रा..पामगढ़ मे मंच को सिंचाई की थीम पर तो जांजगीर के आमसभा मंच को रेशम एवं उद्योग की थीम पर बनाया जाएगा…..

कलेक्टर, एसपी व सीईओ ने किया विकास यात्रा के तैयारियों की समीक्षा
27 मई को बम्हनीडीह और 31 मई को पामगढ़ व जांजगीर में आमसभा

IMG20180519162316
जांजगीर-चांपा । कलेक्टर श्री नीरज कुमार बनसोड़ एसपी नीतू कमल और जिला पंचायत सीईओ अजीत वसंत ने बम्हनीडीह और पामगढ़ के आमसभा स्थलों का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उन्होंने बम्हनीडीह के हाईस्कूल मैदान और पामगढ़ कुटराबोड़ में की जा रही तैयारियों का अवलोकन किया। कुटराबोड़ में संसदीय सचिव अंबेश जांगडे़ भी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने आम नागरिकों के आवागमन, पेयजल व्यवस्था एवं विभागों द्वारा लगाई जाने वाली विकास प्रदर्शनी के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। इसी प्रकार मुलमला, बनारी, अकलतरा मोड़, तिलई, बनारी में प्रस्तावित स्वागत सभा की व्यवस्था के संबंध में भी निर्देश दिए गए। उन्होंने इस संबंध में बम्हनीडीह और पामगढ़ के जनपद कार्यालय में अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों की बैठक ली। कलेक्टर ने बताया कि पामगढ़ में आमसभा के मंच को सिंचाई की थीम पर डेकोरेट किया जाएगा। इसी प्रकार बम्हनीडीह में कृषि की थीप और जांजगीर के आमसभा मंच को रेशम एवं उद्योग की थीम पर बनाया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि विकास यात्रा कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री डाॅ रमन सिंह 27 मई को बम्हनीडीह में और 31 मई को पामगढ़ व जांजगीर में आमसभा को संबोधित करेंगे। उनका 31 मई को मुलमुला, अकलतरा मोड़, तिलई, बनारी में स्वागत सभा एवं जांजगीर में रोड शो होगा, तत्पश्चात जांजगीर में आमसभा भी होगी। कलेक्टर, एसपी के निरीक्षण एवं बैठक के दौरान विभागीय अधिकारी व पंचायत प्रतिनिधि उपस्थित थे।