जांजगीर-चांपा। जिला मुख्यालय में सोमवार को उस वक्त सियासी माहौल गरमा गया, जब कांग्रेसी विधायक व्यास कश्यप कलेक्टर कार्यालय के सामने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ एक दिवसीय अनशन व सत्याग्रह पर बैठ गए। विधायक ने विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की अनदेखी और राज्य सरकार पर कांग्रेसी विधायकों के साथ भेदभाव का गंभीर आरोप लगाया। विधायक के साथ कार्यकर्ताओं ने गांधी जी का पोस्टर लेकर प्रदर्शन करते हुए गांधीगिरी के तर्ज पर रघुपति राघव गाते हुए विरोध जता रहे हैं।
प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने कलेक्टोरेट का मुख्य गेट बंद कर बैरिकेडिंग लगा दिया, वहीं भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश पुलिस द्वारा की गई तो कार्यालय के सामने मेन गेट पर जमीन पर बैठ गए। मौके पर नारेबाज़ी तेज़ हो गई। विधायक कश्यप ने कहा कि “जब तक क्षेत्र की उपेक्षा बंद नहीं होगी, गांधीगिरी जारी रहेगी।”
अनशन स्थल पर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का जमावड़ा लगा रहा। प्रशासनिक सख़्ती और राजनीतिक आक्रोश के बीच कलेक्टोरेट परिसर छावनी में तब्दील नजर आया। तेज धूप और झुलसाने वाली गर्मी के बावजूद कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के हौसले ठंडे नहीं पड़े। कलेक्टर कार्यालय के सामने विधायक व्यास कश्यप के नेतृत्व में जारी अनशन स्थल पर जोश के साथ नारेबाज़ी करते रहे।
जानकारी के अनुसार विधायक शाम 5 बजे तक अनशन पर बैठे रहेंगे। विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों की उपेक्षा और सरकार पर भेदभावपूर्ण रवैये के आरोपों को लेकर शुरू हुए इस सत्याग्रह ने प्रशासनिक हलकों में हलचल मचा दी है। धूप में बैठे कार्यकर्ताओं ने साफ संदेश दिया कि दबाव और गर्मी—दोनों से डरने वाले नहीं हैं।
