जांजगीर-चांपा। जिले के बम्हनीडीह नगर पंचायत में चल रहे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षद पद के उपचुनाव के बीच सियासी माहौल अचानक गरमा गया है। आम आदमी पार्टी ने सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी पर आचार संहिता के खुले उल्लंघन का बड़ा और सनसनीखेज आरोप लगाया है।
आप पार्टी का आरोप है कि चुनाव प्रभावित करने के उद्देश्य से मतदाताओं में मुर्गा बांटा जा रहा था। इसी दौरान आप कार्यकर्ताओं ने मुर्गों से भरी एक पिकअप गाड़ी को रंगे हाथों पकड़ा, जिसमें बीजेपी के झंडे और बैनर लगे होने का दावा किया गया है।
आप नेताओं का कहना है कि यह सीधे-सीधे वोट खरीदने की कोशिश है और लोकतंत्र की हत्या के समान है। मामले को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी को शिकायत करते तत्काल कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
उधर, बम्हनीडीह उपचुनाव में सभी दलों के बीच प्रचार-प्रसार चरम पर है। आरोप-प्रत्यारोप के इस दौर में “मुर्गा कांड” ने चुनावी लड़ाई को और भी गरमा दिया है।
