रायपुर। छत्तीसगढ़ पुलिस मुख्यालय ने पुलिस स्थापना बोर्ड के निर्णय के आधार पर राज्यभर में व्यापक प्रशासनिक फेरबदल करते हुए 35 निरीक्षकों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया है। पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम के हस्ताक्षर से जारी इस आदेश के तहत विभिन्न जिलों में पदस्थ अधिकारियों को आगामी आदेश तक नई पदस्थापना इकाइयों में भेजा गया है। इस फेरबदल से बस्तर, सरगुजा, रायपुर और दुर्ग संभाग के कई जिलों में पुलिस व्यवस्था में अहम बदलाव देखने को मिलेगा।
जारी स्थानांतरण सूची के अनुसार, सुकमा जिले में पदस्थ निरीक्षक रंजीत प्रताप सिंह को सूरजपुर भेजा गया है, जबकि सुकमा से ही निरीक्षक लोमेश कुमार सोनवानी को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर स्थित अपराध अनुसंधान विभाग (सीआईडी) में पदस्थ किया गया है।
कांकेर जिले से बड़ी संख्या में निरीक्षकों की नवीन पदस्थापना की गई है। इनमें निर्मल जांगड़े, सोमेश सिंह बघेल और अच्युत चंद्र तिवारी को सरगुजा स्थानांतरित किया गया है। रामकुमार साव व मनीष चंद्र नागर को कोरबा, जबकि रमेश कुमार जायसवाल, योगेन्द्र कुमार वर्मा और यशवंत कुमार श्याम को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) भेजा गया है। वहीं अभिषेक महोबिया, रामचंद्र साहू और मनीष कुमार नेताम को बलरामपुर-रामानुजगंज जिले में पदस्थ किया गया है तथा सुश्री मनोरमा कुर्रे को मुंगेली भेजा गया है।
राजनांदगांव जिले से भी व्यापक स्तर पर तबादले किए गए हैं। यहां पदस्थ संग्राम सिंह को मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर भेजा गया है, जबकि राजेश साहू, पुरुषोत्तम लाल, सत्यानारायण देवांगन, मिलन सिंह, नंदकिशोर गौतम और रमेश कुमार पटेल को सूरजपुर जिले में नवीन पदस्थापना दी गई है। इसके अलावा नवरत्न प्रसाद कश्यप को कोरिया जिला सौंपा गया है।
अन्य जिलों से हुए फेरबदल में रायगढ़ के हर्षवर्धन सिंह और अमित कुमार तिवारी को दंतेवाड़ा तथा देवेश सिंह राठौर को सरगुजा भेजा गया है। बिलासपुर से विजय कुमार चौधरी को दंतेवाड़ा स्थानांतरित किया गया है। रायपुर-ग्रामीण से दीपेश जायसवाल, प्रदीप कुमार बिसेन, कृष्ण कुमार कुशवाहा और लक्ष्मीनारायण नामदेव को पुलिस मुख्यालय, नया रायपुर स्थित अपराध अनुसंधान विभाग में पदस्थ किया गया है। वहीं दुर्ग जिले से उप निरीक्षक मनीष बाजपेयी को रायपुर-नगरीय क्षेत्र में नवीन पदस्थापना दी गई है।
पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी आदेश में यह स्पष्ट किया गया है कि सभी स्थानांतरण पूरी तरह से प्रशासनिक दृष्टिकोण से अस्थायी तौर पर किए गए हैं। आदेश की प्रतिलिपि संबंधित सभी पुलिस अधीक्षकों एवं वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक व त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए प्रेषित कर दी गई है।
