अम्बिकापुर। सरगुजा संभाग के दौरे पर पहुंचे छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय को उस वक्त असहज स्थिति का सामना करना पड़ा, जब अम्बिकापुर शहर में प्रवेश करते ही उनकी गाड़ी सड़क के एक बड़े गड्ढे में फंस गई। जशपुर से अम्बिकापुर आ रहे संगठन महामंत्री के काफिले को खरसिया नाका के पास खराब सड़क के कारण भारी मशक्कत करनी पड़ी।
सड़क के गड्ढों से जूझते हुए किसी तरह सर्किट हाउस पहुंचे पवन साय का गुस्सा वहां पहुंचते ही फूट पड़ा। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने सर्किट हाउस में कदम रखते ही सबसे पहले जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी को शहर के जर्जर बुनियादी ढांचे को लेकर गहरी नाराजगी जताते हुए कथित तौर पर सख्त जवाब-तलब किया।
पवन साय ने दो-टूक शब्दों में कहा कि अम्बिकापुर की सड़कों को हर हाल में 10 दिन के भीतर दुरुस्त किया जाए। उन्होंने स्पष्ट हिदायत दी कि उन्हें टेंडर या अन्य प्रशासनिक प्रक्रियाओं के बहाने नहीं चाहिए, तय समय-सीमा के भीतर धरातल पर काम दिखना चाहिए। संगठन के शीर्ष पदाधिकारी के इस सख्त रुख के बाद स्थानीय प्रशासन और लोक निर्माण विभाग में हड़कंप मच गया है, हालांकि इस पूरे मामले पर अभी तक किसी भी पक्ष का कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं हुआ है।
