कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा-बिलासपुर मुख्य मार्ग पर आज उस समय चीख-पुकार मच गई, जब पाली के समीप तेंदूपत्ता गोदाम के पास एक तेज रफ्तार ट्रक और यात्री बस के बीच सीधी और जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह पिचक गया और उसका चालक मलबे में तब्दील हो चुके केबिन के भीतर ही जिंदगी और मौत के बीच फंस गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शिव ट्रेवल्स की यह यात्री बस करीब 40 से 50 यात्रियों को लेकर कोरबा से बिलासपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही बस तेंदूपत्ता गोदाम के पास पहुंची, सामने से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि बस के अगले हिस्से में बैठे यात्रियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। घटना की भनक लगते ही पाली थाना पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर मुस्तैद हुई और स्थानीय नागरिकों की मदद से युद्धस्तर पर राहत व बचाव कार्य शुरू किया गया।
घंटों की कड़ी मशक्कत और सूझबूझ के बाद पुलिस जवानों ने केबिन के लोहे को काटकर फंसे हुए बस चालक को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसे समय रहते इलाज मिलने से उसकी जान बच सकी। इस दर्दनाक सड़क हादसे में बस की अगली सीटों पर बैठे करीब 12 यात्री गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं, जबकि एक दर्जन से अधिक अन्य सवारियों को मामूली चोटें आई हैं। सभी घायलों को तत्काल 108 एम्बुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही है। पुलिस ने इस सड़क दुर्घटना के संबंध में मामला दर्ज कर आगे की तफ्तीश शुरू कर दी है, वहीं दुर्घटना के कारण कुछ देर के लिए बाधित हुए इस मुख्य मार्ग के यातायात को क्रेन की मदद से वाहन हटवाकर पूरी तरह सामान्य कर दिया गया है।
