कोंडागांव। रफ्तार की अंधाधुंध रेस ने एक बार फिर एक हंसते-खेलते परिवार को ताउम्र का दर्द दे दिया है। जिले के फरसगांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम रांधना अमोड़ीपारा में आज बुधवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया। यहाँ सड़क किनारे अपनी दो मासूम बेटियों के साथ खड़ी एक मां को तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने बेरहमी से अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि महज 7 महीने की मासूम कुंजन प्रधान ने अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया, जबकि उसकी मां धनेश्वरी प्रधान और 6 साल की बड़ी बहन ऐश्वर्या प्रधान इस घटना में गंभीर रूप से घायल हो गईं। दोनों घायलों का फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार, धनेश्वरी अपनी दोनों बेटियों के साथ रोजमर्रा की तरह सड़क किनारे सुरक्षित खड़ी थीं, तभी फरसगांव की ओर से आ रही पिकअप (क्रमांक सीजी-24-एन-5116) के चालक ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया और तीनों को जोरदार टक्कर मार दी। चश्मदीदों के मुताबिक हादसा इतना खौफनाक था कि चीख-पुकार मच गई। लहूलुहान हालत में मासूम कुंजन को तुरंत फरसगांव अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही फरसगांव पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, आरोपी चालक और दुर्घटनाकारित पिकअप वाहन को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना के बाद से पूरे रांधना अमोड़ीपारा गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीणों में इस जानलेवा लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है।
