तांत्रिक ने भूत भगाने के नाम पर किया रेप; महिला इस दर्द को झेल रही थी 7 साल से, लेकिन…

देवास. मध्य प्रदेश की देवास जिले की पुलिस ने एक तांत्रिक को गिरफ्तार किया है। इस तांत्रिक ने भूत-प्रेत भगाने के नाम पर महिला का रेप किया। रायसेन की रहने वाली महिला सिर दर्द से जबरदस्त पीड़ित थी। इसी से निजात पाने के लिए वह तांत्रिक के पास आई थी। तांत्रिक ने उसे बहाने से नेमावर बुलाया और बलात्कार की घटना को अंजाम दिया।

पीड़ित महिला ने पुलिस को बताया कि वह रायसेन में रहती है। उसे पिछले 7 सालों से सिर दर्द की शिकायत है। कई जगह और कई डॉक्टरो को दिखाया, लेकिन उसका दर्द ठीक नहीं हुआ। उसके बाद महिला की बहन ने उसे तांत्रिक भगवानदास के बारे में बताया। महिला को बताया गया कि वह नेमावर में रहता है। उससे बात करोगी तो वह सब ठीक कर देगा। दर्द से परेशान महिला ने फिर तांत्रिक से संपर्क किया।

संपर्क करने के बाद तांत्रिक महिला के घर आया और कहा कि उस पर भूत-प्रेत का साया है। इसे भगाने के लिए तंत्र क्रिया करनी पड़ेगी। उसने महिला से कहा कि वह 4 जनवरी को नर्मदा नदी के किनारे बसे नेमावर के वड्या देह गांव आ जाए। बताए हुए पते पर महिला सही समय पर पहुंच गई। यहां तांत्रिक भगवानदास ने महिला से बात की  महिला उसके झांसे में आ गई और जैसा वह बोलता गया वैसा करती गई।

महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी तंत्र क्रिया के वह बेहोश हो गई और बाद में जब उसे होश आया तो पता चला कि उसका बलात्कार हुआ है। पुलिस ने बताया कि 4 जनवरी को तांत्रिक ने उससे एक कमरे में बलात्कार किया। उसके बाद वह उसे परेशान करने लगा। उसकी प्रताड़ना से महिला तंग आ गई और पुलिस को शिकायत की। महिला की शिकायत पर नेमावर थाने में प्रकरण दर्ज कर लिया गया और आरोपी तांत्रिक भगवानदास को गिरफ्तार कर लिया गया।