वैक्सीन लगवाने के बाद बिगड़ी तबियत, 83 वर्षीय महिला की घर लौटते समय मौत

मध्य प्रदेश के गुना में कोविड-19 वैक्सीन की दूसरी डोज लेने के बाद घर वापस लौटते समय 83 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। सोमवार को एक अधिकारी ने बताया कि शांतिबाई नाम की बुजुर्ग महिला को एक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता द्वारा टीकाकरण केन्द्र पर लाया गया था। नर्स ने सुबह 11.56 बजे महिला को वैक्सीन की दूसरी डोज लगाई। उन्होंने बताया कि इसके बाद महिला ने कुछ समय वैक्सीन सेंटर में आराम किया और बाद में वापस अपने घर के लिए रवाना हो गई।

उन्होंने बताया कि महिला के बेटे घनश्याम ने उन्हें सड़क पर बेहोश पाया। यह देख महिला को उसका बेटा पहले टीकाकरण केन्द्र और बाद में वहां से जिला अस्पताल ले गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला को मृत घोषित कर दिया।

घनश्याम ने उसकी मां को बीच रास्ते में छोड़ने के लिए आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को जिम्मेदार ठहराया। वहीं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता ने दावा किया कि टीका की दूसरी खुराक लेने के बाद महिला खुद अपने घर के लिए रवाना हो गई थी।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ पी बुनकर ने कहा कि महिला की मौत का सही कारण का पता सागर से फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी से विसरा जांच रिपोर्ट मिलने के बाद चलेगा। महिला का पोस्टमॉर्टम तीन डॉक्टरों के एक पैनल द्वारा किया गया और इसकी प्रारंभिक रिपोर्ट में ऐसा कुछ नहीं सामने आया है जिससे पता चलता हो कि महिला की मौत टीके के कारण हुई।