दर्दनाक हादसा : खदान ढहने से मलबे में दबे 7 मजदूर, 2 शव निकाले गए; बचाव कार्य जारी

राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के आसींद थाना क्षेत्र के लाछुड़ा गांव के एक खेत में संचालित हो रही खदान बुधवार दोपहर को ढह गई। खदान ढहने से अंदर काम कर रहे सात मजदूर मलबे में दब गए। मजदूरों में तीन महिलाएं और चार पुरुष शामिल हैं। मौके पर फिलहाल बचाव कार्य जारी है। खदान में से अब तक एक महिला और एक पुरुष के शव को निकाला जा चुका है।

जानकारी के अनुसार खदान का संचालन अवैध रूप से हो रहा था। इस खदान को दो महीने पहले ही खान विभाग ने सीज किया था लेकिन अवैध रूप से काम जारी था। लाछुड़ा गांव में नूर मोहम्मद के खेत में एक अवैध खदान संचालित हो रही थी। खदान से क्वाट पत्थर निकाला जाता था। खदान को संग्राम सिंह नाम का व्यक्ति संचालित कर रहा था। फिलहाल खदान मालिक के खिलाफ पुलिस में कोई मामला दर्ज नहीं हुआ है।

अभी तक मिली जानकारी के अनुसार इस खदान के मलबे में 7 लोग दबे हुए हैं। इनकी पहचान करेड़ा निवासी गणेश पुत्र नारू भील उम्र 21 वर्ष, केमरी निवासी कन्हैया पुत्र रामा भील उम्र 23 वर्ष, केमरी निवासी प्रहलाद पुत्र कैलाश भाट उम्र 18 वर्ष, करेड़ा निवासी हिंगला पुत्री कैलाश भाट उम्र 20 वर्ष, कैमरी निवासी धर्मा पुत्री तेज भाट उम्र 25 वर्ष, कैमरी निवासी मीना पुत्री हजारी भील उम्र 21 वर्ष और करेड़ा निवासी मीना भील उम्र 18 वर्ष बताई जा रही है. फिलहाल पुलिस और प्रशासन की कोशिश मजदूरों को निकालने की है।