RRB JE Vacancy 2026: भारतीय रेलवे में करियर बनाने की इच्छा रखने वाले तकनीकी डिग्री और डिप्लोमा धारकों के लिए एक बड़ा और सुनहरा अवसर सामने आया है। रेलवे बोर्ड ने जूनियर इंजीनियर (JE), डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट (DMS) और केमिकल एंड मेटलर्जिकल असिस्टेंट (CMA) के पदों पर नई नियुक्तियों को प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। इस आगामी भर्ती अभियान के तहत कुल 4,098 रिक्त पदों को भरा जाएगा, जो कुल 35 अलग-अलग श्रेणियों में विभाजित हैं। इस संबंध में रेलवे बोर्ड ने सभी जोनल कार्यालयों और उत्पादन इकाइयों को पदों का पूरा ब्यौरा भेज दिया है। इस बड़ी भर्ती के लिए आधिकारिक विज्ञापन जल्द ही जारी होने की उम्मीद है, जिसके बाद योग्य उम्मीदवार आधिकारिक पोर्टल rrbapply.gov.in पर जाकर ऑनलाइन माध्यम से अपना आवेदन दर्ज करा सकेंगे। शैक्षणिक योग्यता के तौर पर संबंधित विषयों में इंजीनियरिंग डिप्लोमा और बीटेक की डिग्री रखने वाले युवा इस प्रतियोगिता में हिस्सा लेने के पात्र माने जाएंगे। इन पदों को पे-लेवल 6 के तहत रखा गया है, जिसमें बेहतरीन सैलरी और भत्ते मिलते हैं।
पदों के विवरण की बात करें तो सबसे ज्यादा नियुक्तियां पीडब्ल्यूआई (PWI) विभाग में होंगी, जहां 845 पद स्वीकृत किए गए हैं। इसके अतिरिक्त वर्क्स विभाग में 470, कैरिज एंड वैगन में 450, वर्कशॉप (मैकेनिकल) में 436, डिपो मैटेरियल सुपरिंटेंडेंट के लिए 314, पी-वे और टीआरएस में 163-163, टीआरडी में 82, ट्रैक मशीन में 49 और ब्रिज विभाग में 46 पदों पर बहाली की जाएगी। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) द्वारा मुख्य अधिसूचना जारी होने के बाद ही आवेदकों को उम्र सीमा, पाठ्यक्रम, परीक्षा शुल्क और आवेदन की महत्वपूर्ण तारीखों की विस्तृत जानकारी मिल सकेगी।

इस नई भर्ती की घोषणा के साथ ही रेलवे भर्ती बोर्ड ने पूर्व में चल रही कुछ अन्य महत्वपूर्ण परीक्षाओं की समय-सारणी भी स्पष्ट कर दी है। असिस्टेंट लोको पायलट (ALP) के पदों के लिए द्वितीय चरण की कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT-2) आगामी 28 जुलाई को आयोजित की जा सकती है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थी परीक्षा से ठीक दस दिन पहले अपनी एग्जाम सिटी और तिथि की जांच कर सकेंगे, जबकि प्रवेश पत्र परीक्षा शुरू होने से चार दिन पहले डाउनलोड के लिए उपलब्ध कराए जाएंगे। इसी लिंक के माध्यम से आरक्षित वर्ग (SC/ST) के अभ्यर्थी यात्रा पास भी प्राप्त कर सकेंगे।
इसके साथ ही, रेलवे में पृथक (आइसोलेटेड) श्रेणी के पदों के लिए भी परीक्षा की तारीखें घोषित कर दी गई हैं। यह कंप्यूटर आधारित परीक्षा 14 और 15 जुलाई को आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए भी शहर और तिथि की जानकारी तथा यात्रा पास डाउनलोड करने की सुविधा परीक्षा से दस दिन पहले बोर्ड की वेबसाइटों पर लाइव कर दी जाएगी। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर अपने साथ वही मूल फोटो पहचान पत्र लेकर जाना होगा जिसे उन्होंने आवेदन पत्र भरते समय अपलोड किया था। सुरक्षा और पारदर्शिता के लिहाज से परीक्षा हॉल में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक सत्यापन अनिवार्य रूप से किया जाएगा, जिसके लिए अभ्यर्थियों को अपने पहचान दस्तावेजों के साथ समय पर उपस्थित होना होगा।
