MS Dhoni : धोनी के राजनीति में आने की चर्चाएं तेज… इस पार्टी ने कर दिया पहला ऑफर… पढ़िए अन्य राजनैतिक पार्टियों ने क्या कहा…..

रांची। भारतीय क्रिकेट टीम के सुपरस्टार और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की खामोशी अक्सर अटकलों को जन्म देती है। 15 अगस्त को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद धोनी को लेकर अब चर्चाएं तेज हो चली हैं। कयास ये है कि आने वाले समय में धोनी राजनीति की पिच पर खेलते हुए दिख सकते हैं। ऐसे में झारखंड के तमाम राजनीतिक दल अभी से उनके स्वागत में तैयार दिख रहे हैं। सभी पार्टियां धोनी को लेकर उत्सुकता दिखा रही हैं। खासकर धोनी के होम-टाउन रांची में इसको लेकर कयासबाजी ज्यादा हो रही है।

महेंद्र सिंह धोनी के संन्यास के बाद उन्हें पॉलिटिक्स ज्वाइन करने का सबसे पहला ऑफर भारतीय जनता पार्टी की तरफ से दिया गया है। झारखंड बीजेपी इकाई की तरफ से यह ऑफर दिया गया है। रांची से बीजेपी सांसद संजय सेठ ने कहा कि धोनी चाहेंगे तो उनसे रांची आने पर बात की जाएगी। उन्होंने कहा कि धोनी की इच्छा पर ही सबकुछ निर्भर है। अगर वह बीजेपी ज्वाइन करना चाहते हैं तो पार्टी उनसे जरूर बात करेगी।

वहीं, कांग्रेस ने भी धोनी के राजनीति में आने की चर्चाओं का स्वागत किया है। झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा कि राजनीति में आने पर महेंद्र सिंह धोनी का स्वागत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि धोनी युवाओं के रोल मॉडल रहे हैं। लिहाजा उनको युवाओं को ही ध्यान में रखकर राजनीति करनी चाहिए।

इन सबके बीच प्रदेश के सत्ताधारी दल झारखंड मुक्ति मोर्चा ने भी पूर्व क्रिकेटर के राजनीति में आने के कयासों को हवा दी है। झामुमो ने महेंद्र सिंह धोनी की सियासत में इंट्री को लेकर उत्सुकता दिखाई है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव विनोद पाण्डेय ने कहा कि धोनी अगर राजनीति में आते हैं तो यह खुशी की बात है। अगर वह जेएमएम में शामिल होने की इच्छा दिखाते हैं तो उनका स्वागत किया जाएगा।