लू की चपेट में उत्तर भारत के कई राज्य… आगामी दिनों के लिए मौसम विभाग ने इन राज्यों के लिए की भीषण गर्मी की भविष्यवाणी, पढ़ें मौसम रिपोर्ट

नई दिल्ली। अप्रैल महीना के शुरु होने के पहले ही देश में भीषण गर्मी पड़ने लगी है। मौसम के लगातार बदलते मिजाज के कारण इस समय उत्तर भारत के कई राज्य में लू की चपेट में आ चुके हैं। इधर मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है कि अगले कुछ दिनों तक उत्तर पश्चिम, मध्य और पश्चिम भारत में लू चलने की आशंका है। हालांकि कल से उत्तर पश्चिम भारत में इसकी तीव्रता कम होने के आसार हैं। इस बीच अगले हफ्ते कुछ पूर्वोत्तर राज्यों में छिटपुट बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग (IMD) ने पूरे उत्तर भारत में अगले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी की भविष्यवाणी की है। मौसम विभाग के मुताबिक आज भी कई जगहों पर गंभीर लू की स्थिति बनी रहेगी। मध्य भारत और महाराष्ट्र में पांच दिन तक लू चलने के आसार हैं।

मौसम विभाग ने कहा है कि पश्चिमी राजस्थान में 31 मार्च से भीषण लू चलने की आशंका है। इसके बाद 1 अप्रैल को कई हिस्सों में गंभीर लू चल सकती है। वहीं मध्य प्रदेश के कई इलाकों और उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में लू चलने के आसार हैं। 1 अप्रैल से 4 अप्रैल तक अलग-अलग इलाकों में लू चल सकती है। इसके बाद इसके कम होने की संभावना है। 31 मार्च और 1 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा, महाराष्ट्र, ओडिशा में हीट वेव यानी लू चलने की आशंका है। वहीं तेलंगाना में 1 अप्रैल और 2 अप्रैल को लू चल सकती है।

इस बीच 31 मार्च से 03 अप्रैल तक विदर्भ,, छत्तीसगढ़, सौराष्ट्र, कच्छ, झारखंड और मराठावाड़ा में हीट वेव चल सकती है। वहीं 01 अप्रैल से 04 अप्रैल को गुजरात क्षेत्र में लू चलने का अलर्ट जारी किया गया है।

इन राज्यों में बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग ने 31 मार्च, 1 अप्रैल, 3 अप्रैल और 4 अप्रैल को असम, मेघालय और अरुणाचल प्रदेश में अलग-अलग इलाकों में भारी बारिश की आशंका जताई है। वहीं 3 और 4 अप्रैल को पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश हो सकती है। अगले 5 दिनों तक केरल, माहे, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराइकल और दक्षिण कर्नाटक के आंतरिक हिस्सों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश की संभावना है।