बड़ी खबर : भाषण देते समय बेहोश होकर गिरे मुख्यमंत्री… अस्पताल में है भर्ती

अहमदाबाद। गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी की तबीयत रविवार शाम को उस समय अचानक बिगड़ गई, जब वह वडोदरा के निजामपुरा इलाके में मेहसनानगर चौराहे पर एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। विजय रुपाणी भाषण देते वक्‍त मंच पर बेहोश होकर गिर गए। जैसे ही उनका संतुलन बिगड़ा वहां उनकी सुरक्षा में मौजूद जवानों ने उन्‍हें तुरंत संभाला। मुख्‍यमंत्री को अहमदाबाद के मेहता अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अब उनकी तबीयत स्थिर बताई जा रही है।

अस्पताल के निदेशक डॉ. आरके पटेल ने कहा, ‘सीएम विजय रुपाणी आज वडोदरा में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए मंच पर बेहोश हो गए थे। उनका स्वास्थ्य पूरी तरह से ठीक है और उन्हें 24 घंटे निगरानी में रखा जाएगा।’ उन्होंने कहा कि रूपाणी का ईजीसी और सीटी स्कैन सहित सभी मेडिकल टेस्ट रिपोर्ट सामान्य हैं। चिंता करने की कोई बात नहीं है।

मंच पर अचानक बिगड़ गई थी रूपाणी की तबीयत

रविवार शाम को गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी 21 फरवरी को होने वाले निकाय चुनावों से पहले तीन सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने के लिए वडोदरा में थे। शहर के तरसाली और कर्लीबाग क्षेत्रों में एक सार्वजनिक सभा को संबोधित करने के बाद वह निजामपुरा में एक सभा को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। जनता को संबोधित करते हुए रूपाणी मंच पर गिर गए, हालांकि वहां मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें फौरन संभाला था।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया रूपाणी को फोन

गुजरात के डिप्टी CM नितिन पटेल ने बताया कि मुख्यमंत्री की तबीयत ठीक है। गांधीनगर जाने से पहले वडोदरा एयरपोर्ट पर भी डॉक्टरों ने उनकी जांच की। फिलहाल घबराने वाली कोई बात नहीं है। देर शाम PM नरेंद्र मोदी ने भी फोन कर मुख्यमंत्री का हाल लिया। उन्होंने रूपाणी को आराम करने की सलाह दी है।

निकाय चुनाव के लिए लगातार प्रचार कर रहे हैं रूपाणी

विजय रूपाणी इन दिनों राज्य में निकाय चुनाव को लेकर काफी व्यस्त हैं। एक के बाद एक वे कई चुनावी सभाओं में शामिल हो रहे हैं। बता दें कि वडोदरा सहित 6 नगर निगमों में 21 फरवरी को चुनाव होना है। नगरपालिका, जिले और तालुका पंचायतों के लिए 28 फरवरी को वोटिंग होगी।