ऐतिहासिक जनादेश के साथ डॉ. रमन सिंह ने तीसरी बार संभाली राज्य की बागडोर…

 रायपुर                                                                

                                                              विशाल जनसमुदाय के बीच भव्य समारोह में शपथ ग्रहण

 

 

2954 cc 0

विधानसभा के आम चुनाव में तीसरी बार ऐतिहाससिक जनादेश मिलने के बाद छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने आज यहां पुलिस परेड मैदान में आयोजित भव्य समारोह में हजारों की संख्या में मौजूद विशाल जनसमुदाय के बीच शपथ ग्रहण कर राज्य के शासन और प्रशासन की बागडोर संभाली। आम जनता ने हर्षोल्लास के साथ उनका जोरदार स्वागत और अभिनंदन किया।2954 2 ccc प्रदेश के राज्यपाल श्री शेखर दत्त ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलायी। डॉ. रमन सिंह ने ईश्वर के नाम पर शपथ लेते हुए विधि द्वारा स्थापित भारत के संविधान के प्रति सच्ची श्रद्धा और निष्ठा रखने, भारत की एकता और प्रभुता को अक्षुण्य रखने और शुद्ध अंतःकरण से अपने कर्तव्यों का निर्वहन भय, पक्षपात, अनुराग और द्वेष के बिना करते रहने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में पूर्व उप प्रधानमंत्री श्री लालकृष्ण आडवाणी, भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री राजनाथ सिंह, गुजरात के मुख्यमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, पंजाब के मुख्यमंत्री श्री प्रकाश सिंह बादल, गोवा के मुख्यमंत्री श्री मनोहर परिकर, केन्द्रीय कृषि राज्य मंत्री डॉ. चरणदास महंत, मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री श्री कैलाश जोशी, मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अजीत जोगी, झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री श्री अर्जुन मुण्डा, राजस्थान की नवनिर्वाचित मुख्यमंत्री श्रीमती वसुंधरा राजे सिंधिया सहित छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश तथा देश के अनेक राज्यों के कई वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी उपस्थित थे। सभी लोगों ने डॉ. रमन सिंह को तीसरी बार छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी। विशाल मंच पर विशिष्ट अतिथियों सहित छत्तीसगढ़ विधानसभा के तीसरे आम चुनाव में नवनिर्वाचित विधायकों सहित अनेक पूर्व विधायक और पूर्व सांसद, विभिन्न जिला पंचायतों, जनपद पंचायतों और ग्राम पंचायतों तथा नगरीय निकायों के पदाधिकारी भी उपस्थित थे। मुख्य सचिव श्री सुनिल कुमार तथा राज्य सरकार के सभी विभागों के वरिष्ठ अधिकारीगण भी कार्यक्रम में मौजूद थे। उल्लेखनीय है कि 90 सदस्यीय छत्तीसगढ़ विधानसभा का तीसरे आम चुनाव के लिए पिछले महीने की ग्यारह और उन्नीस तारीख को मतदान हुआ था। इस महीने की आठ तारीख को मतगणना के बाद घोषित चुनाव परिणामों में भारतीय जनता पार्टी को 49 सीटों के साथ पूर्ण बहुमत मिला और डॉ. रमन सिंह तीसरी बार भाजपा विधायक दल के नेता निर्वाचित हुए और आज उन्होंने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। यह भी एक अच्छा संयोग रहा कि डॉ. रमन सिंह ने वर्ष 2008 में दूसरी बार भी बारह दिसम्बर को इसी पुलिस परेड मैदान में सार्वजनिक समारोह में आम जनता के बीच मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी और आज भी बारह दिसम्बर को ही उनका शपथ ग्रहण समारोह इसी मैदान में उमड़ते जनसैलाब के बीच आयोजित किया गया। उन्होंने पहली बार वर्ष 2003 में छत्तीसगढ़ विधानसभा के प्रथम आम चुनाव में अपनी पार्टी को भारी बहुमत मिलने के बाद प्रदेश के प्रथम निर्वाचित मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर राज्य प्रशासन की बागडोर संभाली थी। उस समय भी उन्होंने इसी पुलिस परेड मैदान में जनता के बीच शपथ ग्रहण किया था।