कांकेर। जिले के आमाबेड़ा तहसील में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए कृषि विभाग के दो अधिकारियों को रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों में ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी प्रवीण चंद्राकर और सुंदर बछड़ शामिल हैं।
दोनों अधिकारियों ने पीड़ित किसान की नष्ट हुई फसल का बीमा प्रकरण तैयार कर 90,000 रुपये की मुआवजा राशि स्वीकृत कराने के एवज में कुल राशि का 75 फीसदी हिस्सा रिश्वत के रूप में मांग लिया था।
किसान की शिकायत पर जाल बिछाते हुए एसीबी की टीम ने दोनों आरोपियों को पहली किस्त के रूप में 20,000 रुपये लेते हुए मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर दोनों के खिलाफ आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
