रायपुर। छत्तीसगढ़ के आरंग में चोरों ने एक ऐसी वारदात को अंजाम दिया है, जिसने पुलिस प्रशासन के साथ-साथ आम जनता को भी हैरान कर दिया है। आमतौर पर ताला तोड़कर या शटर उखाड़कर चोरी करने वाले बदमाशों ने इस बार सीधे दुकान की छत पर ही धावा बोल दिया। मामला आरंग थाना क्षेत्र के लखौली स्थित देशी कंपोजिट मदिरा दुकान का है, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान की टीन की छत को काटकर अंदर प्रवेश किया और कबाड़ के रास्ते नहीं, बल्कि सीधे आसमान के रास्ते आकर पूरी वारदात को अंजाम दे डाला।
यह शातिर चोरी 6 जुलाई की रात को हुई। चोरों ने बेहद इत्मीनान से दुकान की छत काटी और अंदर रखे ‘शोले मसाला’ ब्रांड की शराब की 15 पेटियों पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गई इस शराब की कुल कीमत करीब 72 हजार रुपये आंकी जा रही है। हैरानी की बात यह है कि चोर इतनी बड़ी तादाद में शराब की पेटियां लेकर रफूचक्कर हो गए, लेकिन आस-पास के किसी भी व्यक्ति या सुरक्षा व्यवस्था को इसकी भनक तक नहीं लगी।
घटना का खुलासा अगली सुबह तब हुआ जब दुकान के कर्मचारी काम पर पहुंचे। दुकान की कटी हुई छत देखकर सबके होश उड़ गए। सुपरवाइजर दीपक कुमार तांडी ने तुरंत मामले की जानकारी आबकारी विभाग के उच्च अधिकारियों को दी और आरंग थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस के साथ फॉरेन साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम भी मौके पर पहुंची और फिंगरप्रिंट्स सहित अन्य वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए।
फिलहाल पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और दुकान व आस-पास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि इस ‘रूफ-टॉप’ गैंग का जल्द से जल्द पर्दाफाश किया जा सके।
