सूरजपुर: फर्जी दस्तावेज के जरिए शासकीय राशि गबन करने का मामला… रिपोर्ट दर्ज़ होने के दो साल बाद रामनगर का सरपंच गिरफ्तार..

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में शासकीय राशि का गबन करने वाले सरपंच को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दरअसल, मामला ग्राम पंचायत रामनगर का है। जहां के सरपंच जवाहर सिंह टेकाम ने कूटरचित दस्तावेज के जरिए करीब 14 लाख की शासकीय राशि गबन किया था। इस मामले में सूरजपुर जनपद के तत्कालीन मुख्य कार्यपालन अधिकारी वेद प्रकाश गुप्ता ने विश्रामपुर थाना में रामनगर के सरपंच जवाहर सिंह टेकाम और पूर्व पंचायत सचिव तुलाराम यादव के खिलाफ धारा 420 के तहत अपराध दर्ज किया था।

गौरतलब है कि ग्राम पंचायत रामनगर में लंबे समय से सरपंच पद पर आसीन जवाहर सिंह टेकाम पर शासकीय निर्माण में भारी गड़बड़झाला करते हुए भ्रष्टाचार किए जाने की शिकायत ग्रामीणों द्वारा लंबे अरसे से की जा रही थी। राजनीतिक संरक्षण के कारण जांच के नाम पर लीपापोती किए जाने से अनियमितता उजागर नहीं हो पा रही थी। प्रदेश में सरकार बदलने के बाद ग्रामीणों की शिकायत पर क्षेत्रीय विधायक खेलसाय सिंह की अनुशंसा पर कराई गई जांच में शासकीय राशि का गबन किए जाने का मामला प्रकाश में आया था।

जिसके बाद सूरजपुर जनपद के तत्कालीन सीईओ वेद प्रकाश गुप्ता की रिपोर्ट पर बिश्रामपुर पुलिस ने ग्राम पंचायत रामनगर के आरोपी सरपंच जवाहर सिंह टेकाम एवं पूर्व पंचायत सचिव तुलाराम यादव के विरुद्ध धारा 409, 420, 467, 468, 471, 34 के तहत अपराध दर्ज किया था। वहीं रिपोर्ट दर्ज होने के दो साल बाद आज (6 मई 2022) को बिश्रामपुर पुलिस ने आरोपी जवाहर सिंह टेकाम को गिरफ्तार कर लिया है। बताया गया कि इतने दिनों तक आरोपी की गिरफ्तारी इसलिए नहीं हो रही थी क्योंकि हाईकोर्ट से रोक लगा हुआ था। रोक हटने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है।

इसे भी पढ़ें –