हरेली पर्व पर सीएम बघेल देंगे कई सौगात, गोमूत्र खरीदी के साथ महतारी न्याय रथ यात्रा को दिखाएंगे हरी झंडी



रायपुर। हरेली पर्व के मौके पर मुख्‍यमंत्री भूपेश बघेल छत्‍तीसगढ़ को कई सौगात देंगे। एक ओर राज्य सरकार हरेली पर्व के मौके पर गुरुवार से गोमूत्र खरीदी की शुरुआत करने जा रही है। वहीं हरेली पर्व पर मुख्यमंत्री भूपेश बघेल महतारी न्याय रथ यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

मुख्यमंत्री भूपेश बघेल दुर्ग के पाटन विकासखंड के ग्राम करसा में गौठान से गोमूत्र की खरीदी कर इसका विधिवत शुभारंभ करेंगे। रायपुर में गोमूत्र की खरीदी की शुरुआत अभनपुर विकासखंड के नवागांव (ल) और आरंग विकासखंड के ग्राम बड़गांव के गौठान से होगी। चार रुपये प्रति लीटर गोमूत्र की खरीदी और इससे कीटनाशक बनाने की तैयारियां पूरी हो गई हैं।

सीएम महतारी न्याय रथयात्रा को हरी झंडी दिखाकर करेंगे रवाना

छत्तीसगढ़ राज्य महिला आयोग की पहल पर महतारी न्याय रथयात्रा को मुख्यमंत्री भूपेश बघेल 28 जुलाई को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस रथ के माध्यम से सभी जिलों में शार्ट फिल्मों, संदेशों और ब्रोशर के माध्यम से महिलाओं के कानूनी प्रविधानों और उनके संवैधानिक अधिकारों के बारे में जानकारी दी जाएगी।

महिला आयोग अध्यक्ष डा.किरणमयी नायक ने बताया कि महतारी रथ में दो अधिवक्ता भी होंगे, जो महिलाओं की समस्याओं को सुनकर सलाह देंगे। महिलाएं आवेदन भी दे सकेंगी ताकि महिला आयोग द्वारा समस्याओं का निराकरण किया जा सके। एक बड़ी एलईडी स्क्रीन होगी, जिसमें छत्तीसगढ़ी और हिंदी भाषा में विभिन्ना कानूनों संबंधित राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कृत लघु फिल्में दिखाई जाएंगी।

गौरतलब है कि गोधन न्याय योजना की शुरुआत राज्य में दो साल पहले 20 जुलाई 2020 को हरेली पर्व के दिन से हुई थी। इसके तहत गोठानों में पशुपालक ग्रामीणों से दो रुपये किलो की दर से गोबर की खरीदी की जा रही है। देश-दुनिया में गोबर की खरीदी की अभिनव योजना की सफलता ही इसका आधार बनी है। गोबर खरीदी के जरिए बड़े पैमाने पर जैविक खाद का निर्माण और उसके उपयोग के उत्साहजनक परिणामों को देखते हुए अब गोमूत्र की खरीदी कर इससे कीट नियंत्रक उत्पाद, जीवामृत, ग्रोथ प्रमोटर बनाए जाएंगे, ताकि राज्य के किसानों को महंगे रासायनिक कीटनाशकों के बदले सस्ते दर पर जैविक कीटनाशक उपलब्ध हो सके।