CG – मौसम की जानकारी: आज छत्तीसगढ़ के इन इलाकों में भारी वर्षा के साथ गिर सकती है बिजली



रायपुर। मानसून द्रोणिका के प्रभाव से गुरुवार को छत्‍तीसगढ़ में हुई हल्की व मध्यम वर्षा ने उमस से राहत दिलाई है। इसके चलते वातावरण में ठंडकता बढ़ी है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी मौसम का रुख इसी तरह रहेगा।

मानसून द्रोणिका व चक्रीय चक्रवात के प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश में हल्की से मध्यम वर्षा होगी। वहीं, दक्षिणी छत्तीसगढ़ में भारी वर्षा होने के साथ आकाशीय बिजली गिर सकती है।

गुरुवार की सुबह से ही रायपुर समेत पूरे प्रदेश में बादल छाए रहे। वर्षा के बावजूद रायपुर के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई। शेष क्षेत्रों के तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ। राज्य में सर्वाधिक तापमान कुरुद में 34.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रायपुर का अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 25.9 डिग्री सेल्सियस रहा।

#इन क्षेत्रों में हुई वर्षा

भोपालपट्टनम, पलारी छह सेंटीमीटर, अंतागढ़, भैरमगढ़, कसडोल, पिथौरा में पांच सेमी, राजिम, भानुप्रतापपुर, छिंदगढ़ में चार सेमी, पखांजुर, बलौदा, पाटन में तीन सेमी वर्षा हुई।

#यह बन रहा सिस्टम

मौसम विज्ञानी एचपी चंद्रा ने बताया कि मानसून द्रोणिका के प्रभाव के साथ ही एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर पश्चिम और पश्चिम मध्यम बंगाल की खाड़ी, दक्षिण ओडिशा, उत्तर आंध्र प्रदेश के ऊपर 7.6 किमी ऊंचाई तक विस्तारित है। इसके प्रभाव से शुक्रवार को प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।