सामाजिक समरसता छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत: डॉ. रमन सिंह

मुख्यमंत्री शामिल हुए सामाजिक सदभावना महा-सम्मेलन में
मुख्यमंत्री शामिल हुए सामाजिक सदभावना महा-सम्मेलन में

मुख्यमंत्री शामिल हुए सामाजिक सदभावना महा-सम्मेलन में

रायपुर, 11 फरवरी 2014

मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा है कि छत्तीसगढ़ की सामाजिक सदभावना बेमिसाल है और देश तथा दुनिया के लिए प्रेरणादायक है। राज्य में सभी धर्मो और समुदायों के लोग मिल-जुलकर रहते हैं। यह एकता और सामाजिक समरसता छत्तीसगढ़ की सबसे बड़ी ताकत है। मुख्यमंत्री आज दोपहर जिला मुख्यालय दुर्ग के गोकुल नगर में सामाजिक सदभावना महासम्मेलन को सम्बोधित कर रहे थे। सम्मेलन का आयोजन छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ और संत कबीर साहेब समिति द्वारा जिले के वरिष्ठ समाज सेवी स्वर्गीय श्री गणेश राम साव की स्मृति में किया गया।
मुख्य अतिथि की आसंदी से सम्मेलन में डॉ. रमन सिंह ने कहा कि समाज सेवा और परोपकार की भावना छत्तीसगढ़ की अनमोल धरोहर है। स्वर्गीय श्री गणेश राम साव ने अपना पूरा जीवन समाज सेवा के लिए समर्पित कर दिया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि  छत्तीसगढ़ के जन-जीवन पर संत कबीर जैसे महान संत महात्माओं के जीवन-दर्शन और विचारों का अमिट प्रभाव है। संत कबीर की वाणी को आत्मसात कर छत्तीसगढ़ विकास के हर मोर्चे पर तेजी से आगे बढ़ रहा है और देश के अग्रणी राज्य के रूप में अपनी पहचान बना रहा है। हमारे किसानों की मेहनत का ही यह नतीजा है कि राज्य में रिकार्ड कृषि उत्पादन हो रहा है। प्रदेश को मात्र ढाई साल में दूसरी बार सर्वाधिक धान उत्पादन के लिए कल नई दिल्ली में केन्द्र सरकार की ओर से राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार प्रदान किया गया। जुलाई 2011 में भी राज्य को यह सम्मान प्राप्त हो चुका है। मुख्यमंत्री ने राज्य को कल दूसरी बार मिले राष्ट्रीय कृषि कर्मण पुरस्कार के लिए प्रदेश के किसानों को बधाई दी।
डॉ. सिंह ने राज्य सरकार के आगामी वित्तीय वर्ष 2014-15 के बजट का उल्लेख करते हुए कहा कि इसमें किसानों को ब्याज मुक्त ऋण देने और तीन सौ रूपए प्रति क्विंटल की दर से धान पर बोनस देने का भी प्रावधान किया है। इसके अलावा बालिकाओं के भविष्य को बेहतर बनाने के लिए इस बजट में नये वित्तीय वर्ष 2014-15 से ‘नोनी सुरक्षा’ योजना शुरू करने का भी निर्णय लिया गया है। इस योजना के तहत गरीबी रेखा श्रेणी के  परिवार में जन्म लेने वाली बालिका के नाम पर हर साल राज्य शासन द्वारा पांच हजार रूपए के मान से कुल 25 हजार रूपए जमा किए जाएंगे।  बालिकाओं के वयस्क होने पर उन्हें एक लाख रुपए परिपक्वता राशि के रूप में दी जाएगी। इस योजना के लिए बजट में 40 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
सम्मेलन को महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती रमशिला साहू, छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के अध्यक्ष श्री विपिन साहू और अन्य अनेक नेताओं ने सम्बोधित किया। इस मौके पर पूर्व विधायक सर्वश्री वीरेन्द्र साहू, ताम्रध्वज साहू, जागेश्वर साहू, दयाराम साहू, पूर्व संसदीय सचिव श्री विजय बघेल और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के पूर्व उपाध्यक्ष तथा पूर्व विधायक श्री डोमन लाल कोर्सेवाड़ा सहित वाराणसी से आए वंशश्री हुजूर साहेब और अनेक संत महात्मा भी उपस्थित थे।