छत्तीसगढ़ के 54 शहरों में दौड़ेंगी 451 सिटी बसें : सिटी बस के लिए 222 करोड़ रूपए की परियोजना मंजूर

CITY BUS IN CHHATTISGARH

योजना के क्रियान्वयन के लिए छह अधिकारियों का कार्यदल गठित

रायपुर, एक फरवरी 2014

नागरिकों को सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा दिलाने के लिए   छत्तीसगढ़ के 54 शहरों में जल्द सिटी बस की सुविधा उपलब्ध होगी। इन शहरों में 451 बसें चलेंगी। कोर सिटी के 22 बड़े शहरों से 54 छोटे शहरों को जोड़ा जा रहा है। नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग द्वारा इस योजना के त्वरित क्रियान्वयन के लिए छह अधिकारियों का एक कार्यदल भी गठित किया गया है। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के भारसाधक मंत्री डॉ. रमन सिंह की विशेष पहल पर केन्द्र सरकार द्वारा जवाहर लाल नेहरू राष्ट्रीय शहरी नवीकरण मिशन के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के 54 शहरों के लिए  451 सिटी बसों के संचालन के लिए 222 करोड़ रूपए की कार्य-योजना को मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने नगरीय प्रशासन विभाग के अधिकारियों को इस योजना का जल्द से जल्द क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य शहरी विकास अभिकरण द्वारा छह वरिष्ठ अधिकारियों का एक उच्च स्तरीय कार्यदल गठित किया गया है। इसके साथ ही संबंधित शहरों में नगरीय निकायों के एक-एक अधिकारी को इस परियोजना के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।

नगरीय प्रशासन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों ने बताया कि मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप इस योजना का जल्द से जल्द क्रियान्वयन के लिए समुचित प्रयास किए जा रहे हैं। इस योजना के लिए बड़े शहरों के 22 कलस्टर बनाए गए हैं। इन कलस्टर को 54 शहरों से सिटी बस के माध्यम से जोड़ा जाएगा। नगरीय निकाय के अधिकारियों को संबंधित नगर निगमों के मेयर इन काउंसिल (एम.आई.सी.) और नगर पालिकाओं के प्रसिडेन्ट इन काउंसिल के कोर सिटी बस का प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि सिटी बस योजना के अंतर्गत रायपुर शहर से माना कैम्प, बीरगांव और आरंग तथा बिलासपुर शहर से रतनपुर, तिफरा, बिल्हा और सकरी को सिटी बस से जोड़ा जाएगा। इसी तरह भिलाई और दुर्ग शहर से चरोदा, कुम्हारी, जामुल, उतई, पाटन, कोरबा शहर से कटघोरा, छुरीकला, दीपका के बीच सिटी बस चलायी जाएगी। राजनांदगांव से डोंगरगढ़ को और अम्बिकापुर शहर को लखनपुर, विश्रामपुर, मैनपाट, लटौरी, रामानुजगंज, रायगढ़ शहर को किरोड़ीमल नगर, पुसौर, सरिया, जगदलपुर को बस्तर से और जांजगीर-नैला को चाम्पा और अकलतरा से जोड़ा जाएगा। कांकेर शहर को चारामा, नरहरपुर, जशपुर को कुनकुरी से, धमतरी को भखारा से, कवर्धा को पिपरिया से, बलौदाबाजार को पलारी, कसडोल, लवन, दंतेवाड़ा को गीदम से तथा धमधा शहर को परपोड़ी, देवकर, गंडई और साजा से सिटी बस के माध्यम से जोड़ा जाएगा। इसी तरह गोबरा नयापारा को राजिम, फिंगेश्वर, चम्पारण्य, अभनपुर, खैरागढ़ को छुईखदान, गण्डई, कोण्डागांव को फरसगांव, विश्रामपुरी और माकड़ी से तथा महासमुंद को फिंगेश्वर, बागबाहरा और सिरपुर से जोड़ा जाएगा।

सिटी बस परियोजना के संचालन के लिए गठित छह अधिकारियों के कार्यदल में राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री आर.के. नारंग, उप संचालक नगरीय प्रशासन श्री लोकेश्वर साहू, नगर निगम रायपुर के उपायुक्त श्री आर.के. डोंगरे, नगरीय प्रशासन विभाग के कार्यपालन अभियंता श्री एन.एस. राठौर, राज्य शहरी अभिकरण के प्रभारी सहायक अभियंता श्री शरद चावड़ा और पी.एम.यू. के श्री के.एस. राम को शामिल किया गया है। ये अधिकारी सिटी बस परियोजना के संचालन के लिए जवाबदेह होंगे।