जांजगीर-चांपा। घने जंगल की आड़ में दांव पर लग रहे रुपयों की खनक और ताश के पत्तों का अवैध खेल अब पुलिस के शिकंजे में है। जांजगीर-चांपा जिले के पंतोरा चौकी अंतर्गत कटरा जंगल में चल रहे एक बड़े जुआ फड़ पर पुलिस और स्पेशल रिस्पांस टीम ने संयुक्त रूप से घेराबंदी कर जोरदार दबिश दी। पुलिस की अचानक हुई इस स्ट्राइक से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जहां से 9 अंतरजिला जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।
मुखबिर से पुख्ता सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बिना वक्त गंवाए सुनियोजित चक्रव्यूह तैयार किया और जंगल के भीतर चल रहे फड़ को चारों तरफ से घेर लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने मौके से 52 पत्ती ताश और 47,500 रुपये नकद बरामद किए। इसके साथ ही जुआरियों के पास से एक ब्रेजा कार, 11 मोटरसाइकिल और 8 महंगे मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं, जिनका इस्तेमाल इस अवैध नेटवर्क में किया जा रहा था।
पकड़े गए आरोपियों में दीपक राय (बलौदाबाजार), रूपचंद रात्रे (बिलासपुर), मयंक शर्मा (बिलासपुर) सहित जांजगीर जिले के संजू कुमार सूर्यवंशी, रमेश कुमार कश्यप, सुरेंद्र लहरे, साहिल लहरे, सुनील सिंह ठाकुर और विशाल सिंह ठाकुर शामिल हैं। इससे साफ होता है कि यह फड़ अंतरजिला स्तर पर संचालित हो रहा था, जहां आसपास के जिलों से भी लोग दांव लगाने पहुंचते थे।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में पीएसआई अभिलाष सिन्हा, एएसआई जयनंदन मार्बल व अन्य पुलिस जवानों की भूमिका रही। सभी 9 आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि जिले में गैरकानूनी गतिविधियों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे अड्डों पर आगे भी निरंतर प्रहार जारी रहेगा।
