मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर। छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (एमसीबी) जिले के लालपुर क्षेत्र में जमीन बेचने को लेकर हुए पारिवारिक विवाद ने खूनी रूप ले लिया। पैतृक जमीन बेचने का दबाव बना रहे 27 वर्षीय कलयुगी बेटे ने अपने ही बुजुर्ग पिता की बेरहमी से पिटाई कर दी, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर शनिवार देर शाम न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
घटना की शुरुआत 8 अक्टूबर को हुई, जब लालपुर (वार्ड क्रमांक 06) स्थित घर में ऋषि कुमार सूर्यवंशी का शव संदिग्ध हालत में बरामद हुआ। मृतक के शरीर पर मिले गंभीर चोट के निशानों ने पहली ही नजर में हत्या की आशंका को जन्म दे दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (FSL) की टीम के साथ घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और गवाहों के बयान दर्ज किए।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि 7 अक्टूबर को आरोपी रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने के मुद्दे पर अपने पिता ऋषि कुमार से तीखी बहस की थी। विवाद बढ़ने पर रवि ने क्रूरता की हदें पार करते हुए पानी के प्लास्टिक/रबड़ पाइप से पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस बर्बर पिटाई से बुजुर्ग के शरीर के आंतरिक अंगों में गंभीर चोटें आईं, जिसके चलते उन्होंने दम तोड़ दिया। संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर जब पुलिस ने रवि से कड़ाई से पूछताछ की, तो उसने पिता की हत्या का जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
