अम्बिकापुर। शहर में दोपहिया वाहन चोरी की वारदातों पर नकेल कसते हुए गांधीनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें जब्त की गई हैं, जिनकी कुल कीमत लगभग एक लाख रुपये आंकी गई है। गिरफ्तार मुख्य आरोपी पूर्व से ही आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहा है।
मामले की शुरुआत कुंभीडांड (वाड्रफनगर) निवासी रोहित सिंह की शिकायत से हुई, जो वर्तमान में सिंह कॉलोनी, तुर्रापानी में रहते हैं। उन्होंने गांधीनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 18 सितंबर की रात उनके घर के बाहर खड़ी पिता की स्प्लेंडर प्लस बाइक (क्रमांक CG-29-AG-3079) अज्ञात चोर पार कर ले गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने बीएनएस (भारतीय न्याय संहिता) की धारा 305(बी) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने संदेही सुशील शांडिल्य (26 वर्ष, निवासी धंधापुर, हाल मुकाम नमनाकला) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपने साथी अभिषेक सोनी (23 वर्ष, निवासी सुभाषनगर) के साथ मिलकर बाइक चोरी करने का जुर्म स्वीकार कर लिया। आरोपी ने खुलासा किया कि वारदात के बाद पेट्रोल खत्म हो जाने पर उन्होंने बाइक को सुभाषनगर में छिपा दिया था और पहचान मिटाने के लिए नंबर प्लेट निकालकर फेंक दी थी।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने इससे पहले सुभाषनगर स्थित राधे निवास के पास से भी एक अन्य स्प्लेंडर प्लस बाइक (क्रमांक CG-15-DW-3084) चुराई थी। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे आरोपी अभिषेक सोनी को भी दबोच लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दोनों मोटरसाइकिलें बरामद कर ली हैं। पुलिस के अनुसार सुशील शांडिल्य आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ कोतवाली तथा गांधीनगर थाने में पहले से भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।
दोनों आरोपियों के विरुद्ध पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर उन्हें विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक रुस्तम सोनवानी, आरक्षक राहुल सिंह और रमन मण्डल की सराहनीय भूमिका रही।
