नक्सलियों ने की DRG जवान की हत्या.. गांव के पास फेंका शव.. होली के एक दिन बाद पत्नी के साथ पहुंचा था गांव!

सुकमा। जिले के दोरनापाल इलाक़े के आरगट्‌टा गांव के बाहर डीआरजी (DRG) जवान की लाश मिली है। आशंका जताई जा रही है की नक्सलियों ने जवान का अपहरण कर उसकी हत्या की है। इसके बाद गुरुवार सुबह शव को गांव के बाहर फेंक दिया। ग्रामीणों ने जवान का शव देखा तो परिजनों को सूचना दी। वहीं सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। घटना की पुष्टि सुकमा एसपी शलभ सिन्हा ने की है।

जानकारी के मुताबिक, डीआरजी जवान कड़ती कन्ना दोरनापाल में पदस्थ था। जवान होली के एक दिन बाद ही अपनी पत्नी के साथ गृहग्राम आया था। बताया जा रहा है कि बुधवार देर रात कुछ लोग सादे कपड़ों में उसके घर पहुंचे और अपने साथ अगवा कर ले गए। अगले दिन गुरुवार सुबह गांव के बाहर ग्रामीणों ने उसका शव पड़ा हुआ देखा तो परिजनों को सूचना दी।

दोरनापाल थाने से पुलिस और अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही आगे की कार्रवाई की जा रही है।