मिशन 2024: जांजगीर-चांपा लोकसभा से कमला देवी पाटले के नाम पर चर्चा… सबसे ज्यादा इसी लोकसभा से बीजेपी के दावेदार.. फरवरी के अंत तक लोकसभा प्रत्याशियों के नाम आ सकते हैं सामने…

@संजय यादव

जांजगीर-चांपा। भाजपा ने लोकसभा चुनाव की तैयारियां तेज कर दी हैं। जांजगीर-चांपा लोकसभा पूरे प्रदेश में एकमात्र अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित सीट है जिसके चलते यहां पूरे प्रदेश में सबसे ज्यादा दावेदार इसी लोकसभा से सामने आ रहे हैं। वहीं इस बार फिर से महिला प्रत्याशी के रूप में जांजगीर चांपा लोकसभा के पूर्व सांसद कमला देवी पाटले का नाम जोरों से लिया जा रहा है। प्रदेश में लोकसभा प्रत्याशियों की घोषणा फरवरी माह के अंत तक होने की संभावना नजर आ रही है।

क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल और संगठन मंत्री पवन साय ने एक-एक लोकसभा का दौरा कर पैनल तैयार कर लिया है। शनिवार को प्रदेश सह प्रभारी नितिन नबीन और रविवार को राष्ट्रीय सहसंगठन मंत्री शिवप्रकाश रायपुर आ रहे हैं। कुशाभाऊ ठाकरे प्रदेश कार्यालय में उनसे एक-एक सीट पर चर्चा होगी।

बताया जा रहा है कि इस हाईलेवल मीटिंग में संगठन हर सीट पर दो-तीन नाम का पैनल बनाकर तैयार कर लेगा। इसकी रिपोर्ट राष्ट्रीय संगठन महासचिव बीएल संतोष को दी जाएगी। वहीं दूसरी तरफ केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह की टीम और राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा की दो प्राइवेट एजेंसियां भी अपना सर्वे कर रही हैं।

सूत्रों की मानें तो भाजपा इस बार 11 सीटों में से 9 सीटों पर नए चेहरे उतारने की तैयारी में है। बाकी दो पुरानी सीटें जातिगत समीकरण में फंसी हुई है। फरवरी अंत तक पहली सूची जारी होने की बात सामने आ रही है, इसमें छत्तीसगढ़ की चार सीटें जांजगीर चांपा, कोरबा, कांकेर और बस्तर शामिल हो सकती हैं।

200 से अधिक आए आवेदन

छत्तीसगढ़ में 6 सामान्य, एक एससी और चार एसटी की रिजर्व लोकसभा सीटें है। भाजपा के सूत्रों की मानें तो अब संगठन और प्रदेश पदाधिकारियों के पास लोकसभा की दावेदारी करने वाले 200 से अधिक आवेदन आए हैं। सबसे अधिक आवेदन जांजगीर चांपा से आए हैं। बता दें कि जांजगीर चांपा ही इकलौती एससी रिजर्व सीट है।

वरिष्ठ विधायकों को भी मौका

भाजपा ने विधानसभा में एक केंद्रीय मंत्री और तीन सांसदों को मैदान में उतारा था। इसमें से तीन चुनाव जीते। इस प्रयोग को लोकसभा में भी अपनाया जा सकता है। कुछ वरिष्ठ विधायकों को लोकसभा में मौका मिल सकता है। इसमें बिलासपुर से अमर अग्रवाल, महासमुंद से अजय चंद्राकर और बस्तर से लता उसेंडी का नाम चल रहा है।

इन नामों पर चल रही है चर्चा

• राजनांदगांवः संतोष पांडेय या मधुसूदन यादव।

•दुर्गा: विजय बघेल या सरोज पांडे।

• रायपुर: संजय श्रीवास्तव, केदार गुप्ता, सुनील सोनी, डॉ. विजय शंकर मिश्रा।

• महासमुंदः अजय चंद्राकर, प्रीतेश गांधी, डॉ. विमल चोपड़ा, चंदूलाल साहू।

• बस्तरः दिनेश कश्यप, लता उसेंडी, महेश गागड़ा।

• कांकेर: राधेलाल नाग, मोहन मंडावी, विकास मरकाम।

• बिलासपुरः भूपेंद्र सवन्नी, अमर अग्रवाल, शीलू साहू।

• सरगुजाः रेणुका सिंह, गणेशराम भगत, रामलखन पैकरा।

• कोरबा: विकास महतो, अनुराग सिंहदेव।

• रायगढ़ः चिंतामणि महाराज

• जांजगीर चांपाः कमला देवी पाटले, नवीन मार्कण्डेय, वेदराम जांगड़े।