बलरामपुर। जिले में अवैध खनन और काले कारोबार पर पूरी तरह लगाम कसने के लिए प्रशासन ने अपनी ताकत झोंक दी है। कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के कड़े रुख और साफ निर्देशों के बाद खनिज विभाग की टीम ने धरातल पर एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया है। इस विशेष अभियान के तहत राजपुर क्षेत्र के ग्राम नरसिंहपुर और बसंतपुर में छापेमारी की गई, जहां नियमों को ताक पर रखकर चलाए जा रहे अवैध रेत परिवहन और भंडारण के खेल का पर्दाफाश हुआ। टीम ने मौके से रेत से लदे एक विशाल टिपर को रंगे हाथों पकड़ा, जिसे तुरंत जब्त कर सुरक्षा के लिहाज से राजपुर पुलिस थाने की अभिरक्षा में सौंप दिया गया है।
कार्रवाई का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा, बल्कि टीम जब ग्राम बसंतपुर स्थित एक फ्लाई ऐश ब्रिक्स (ईंट) निर्माण इकाई पर पहुंची, तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी हैरान रह गए। इस फैक्ट्री के भीतर बिना किसी वैध दस्तावेज के करीब 90 घनमीटर अवैध रेत का विशाल स्टॉक छिपाकर रखा गया था, जो कि लगभग 30 ट्रैक्टर ट्राली रेत के बराबर है। खनिज विभाग ने तत्परता दिखाते हुए इस पूरे भंडारण को सीज कर दिया है और संबंधित संचालक को कड़ा कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
खनिज विभाग के अधिकारियों ने साफ कर दिया है कि इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी रसूखदार को बख्शा नहीं जाएगा और सभी दोषियों के खिलाफ ‘छत्तीसगढ़ खनिज नियम’ के तहत सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन के इस सख्त तेवर से साफ है कि आने वाले दिनों में भी जिले के भीतर माफियाओं के खिलाफ यह सर्च ऑपरेशन और तेजी से जारी रहेगा।
