सतना। मध्य प्रदेश के सतना में तीन घंटे की मूसलाधार बारिश आफत बनकर बरसी, जिससे शहर के कई इलाके जलमग्न हो गए। इसी जलभराव के बीच पतेरी स्थित क्रिस्तकुला हायर सेकेंडरी मिशनरी स्कूल की एक बस बिड़ला फैक्ट्री के पास बने गहरे अंडरपास में फंस गई। जिस वक्त यह घटना हुई, बस में करीब 4 से 5 स्कूली बच्चे सवार थे, जिससे कुछ देर के लिए मौके पर हड़कंप मच गया।
बताया जा रहा है कि जलभराव के बावजूद चालक ने जोखिम उठाते हुए बस को पानी के बीच से निकालने की कोशिश की, लेकिन गहराई अधिक होने के कारण बीच रास्ते में ही बस का इंजन बंद हो गया। संकट की स्थिति को भांपते हुए चालक और क्लीनर ने तुरंत मोर्चा संभाला। दोनों कर्मचारियों ने तत्परता और सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला, जिसके बाद उन्हें सकुशल उनके घर पहुँचाया गया।
