ग्वालियर। मध्य प्रदेश के ग्वालियर से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां हजीरा थाना इलाके के आरामील क्षेत्र में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान आरती दोहरे के रूप में हुई है, जो पिछले कुछ समय से अपने पति से विवाद के चलते अलग रह रही थी। बताया जा रहा है कि आरती यहां एक किराए के मकान में अपने एक रिश्ते के भाई के साथ जीवनयापन कर रही थी। शुरुआती जांच और परिस्थितियों को देखते हुए हत्या का सीधा आरोप महिला के पति धर्मेंद्र दोहरे पर लगा है, जो वारदात को अंजाम देने के बाद से ही मौके से रफूचक्कर हो गया है।
घटना की भनक लगते ही स्थानीय हजीरा थाना पुलिस तुरंत एक्शन में आई और दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है। आस-पड़ोस के लोगों और आरती के भाई से पूछताछ की जा रही है ताकि हत्या की असली वजह और घटनाक्रम का साफ पता चल सके। वहीं, पुलिस की अलग-अलग टीमें फरार आरोपी पति धर्मेंद्र की सरगर्मी से तलाश में जुट गई हैं।
