अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..बीते गुरुवार को वाराणसी के अस्सी घाट से विधायक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में गंगाजल उठाकर चोरकीपानी शिवालय के लिए निकले कांवरियों का दल उत्तरप्रदेश की सीमा पार कर छतीसगढ़ की सीमा में प्रवेश किया।सीमा में कदम रखने से पहले सभी कांवरियों ने छतीसगढ़ महतारी की पावन धरा को नमन किया एवं छतीसगढ़ की खुशहाली की कामना करते हुए सीमा में प्रवेश किया।
गौरतलब है कि प्रति वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे विधानसभा क्षेत्र से कांवरियों की टोली विधायक रामकुमार टोप्पो के नेतृत्व में कांवर महायात्रा 360 पर निकली है।इस महायात्रा 360 के तहत सभी कांवरिये बीते गुरुवार को बनारस के अस्सी घाट से गंगाजल उठाकर चोरकीपानी के लिए पैदल रवाना हुए है।यह महायात्रा 360 देश की सबसे लंबी दूरी वाली कांवर यात्रा मानी जाती है जो बनारस से चोरकीपानी तक कुल 419 किमी की दूरी पैदल तय करती है।शिव की भक्ति के प्रतीक स्वरूप बनारस से शुरू हुई यह कांवर यात्रा पूरी आस्था एवं उत्साह के साथ मौसम की चुनौतियों का डटकर सामना करते हुए उत्तरप्रदेश की सीमा पार करते हुए छतीसगढ़ सीमा पर पहुँची।
जहाँ सीमा में प्रवेश करने से पहले विधायक समेत सभी कांवरियों ने विधि विधान से छतीसगढ़ महतारी की पूजा अर्चना की उसके बाद प्रदेशवासियों की खुशहाली की कामना के साथ सीमा में प्रवेश किया।सीमा में प्रवेश के दौरान स्थानीय लोगों ने हर हर महादेव की जयघोष के साथ सभी कांवरियों जोरदार स्वागत किया।सीमा में प्रवेश एवं स्वागत सत्कार के बाद 360 महायात्रा अपने अगले पड़ाव के लिए निकल गई।रात्रि विश्राम के बाद अपने पड़ाव से यह महायात्रा छतीसगढ़ के विभिन्न शहरों से होते हुए सावन के अंतिम सोमवार को पैदल यात्रा करते हुए चोरकीपानी स्थित शिवालय पहुँचेगी।जहाँ जलाभिषेक करते हुए विधि विधान से पूजा अर्चना एवं हवन पूजन के बाद इसका समापन किया जायेगा।
