अम्बिकापुर..(सीतापुर/अनिल उपाध्याय)..नगर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे क्र-43 मरम्मत एवं देखरेख के अभाव में राहगीरों के लिए अभिशाप बन गया है।सड़क में जगह जगह निर्मित डबरीनुमा गड्ढे राहगीरों के लिए काल साबित हो रहे है।मरम्मत के अभाव में सड़क पर मौजूद गड्ढो की चपेट में आकर अब तक कई बाइक सवार राहगीर एवं स्कूली बच्चे गिरकर घायल हो चुके है।ऐसे में सड़क में निर्मित इस जानलेवा गड्ढे की मरम्मत नही कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।नगरवासियों ने शहर के भीड़भाड़ वाले इलाके में मौजूद सड़क में निर्मित गड्ढे की मरम्मत कराने की मांग की है ताकि आम जनता दुर्घटना से बच सके।
गौरतलब है कि होकर बारिश से पूर्व नगर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे रखरखाव एवं मरम्मत के अभाव में काफी जर्जर हो गई है।बारिश शुरू होते ही सड़कों में बड़े बड़े डबरीनुमा जानलेवा गड्ढे निर्मित हो गये है।सबसे बुरा हाल ग्राम सोनातराई समेत बजाज शोरूम समेत कसईढोढ़ी के पास की है।जहाँ सड़क पर बड़े बड़े डबरीनुमा गड्ढों ने जगह बना ली है जो बाइक सवार राहगीर एवं स्कूली बच्चों के लिए काल साबित हो रही है।बुधवार को नगर में साप्ताहिक बाजार होने की वजह से सड़क पर आने जाने वालों की भारी भीड़ थी।ग्रामीण क्षेत्र के ज्यादातर लोग बाइक में सवार होकर बाजार आना जाना कर रहे थे।
इसी बीच बजाज शोरूम के सामने सड़क पर बने डबरीनुमा गड्ढे की चपेट में बाइक सवार दो युवक आ गए और गड्ढे में जा गिरे और घायल हो गये।इस दौरान आसपास मौजूद लोगों ने उन दोनों युवकों को गड्ढे से बाहर निकाला और उनकी जान बचाई।अभी इस घटना को हुए कुछ समय बिता ही था कि एक अन्य बाइक सवार भी गड्ढे की चपेट में आ गये।बाइक सवार पिता अपनी मासूम बच्ची को स्कूल से लेकर घर जा रहे थे तभी वो गड्ढे की चपेट में आ गए और बाइक समेत गड्ढे में जा गिरे।गनीमत रही कि बाइक सवार मासूम बच्ची को कुछ नही हुआ लोगों ने आकर दोनों को बचा लिया। नेशनल हाईवे की सड़क में निर्मित ऐसे कई गड्ढों की वजह से न जाने कितने बाइक सवार राहगीर एवं बच्चे दुर्घटना के शिकार हो चुके हैं।
दरअसल नेशनल हाईवे पर निर्मित इन जानलेवा गड्ढों की बड़ी वजह सड़क से बारिश के पानी का निकासी नही होना है।ये समस्या सड़क के कई हिस्सों में नाली नही होने की वजह से बनी हुई है जबकि नगर में बनी नालियों को लोगों ने जानबूझकर बंद कर दिया है।जिसकी वजह से बारिश का पानी सड़क में जमा हो जाता है और सड़कों की ये हालत हो जाती है।नगर में सड़क की ऐसी स्थिति कोई पहली बार नही हुई है हर साल बारिश के दिनों में सड़को पर ये हालत निर्मित हो जाती है।नगर के अंदर से होकर गुजरने वाली नेशनल हाईवे की जर्जर हालत और बढ़ती सड़क दुर्घटना से परेशान लोगों ने सड़क मरम्मत की मांग की है।सड़क की दुर्दशा की मार झेल रहे लोगों का कहना है कि समय रहते अगर सड़क की मरम्मत नही कराई गई तो कभी भी जानलेवा हादसा हो सकता है।
इस संबंध में एसडीएम फागेश सिन्हा ने बताया कि बारिश की वजह से काम अटका हुआ है।बारिश रुकते ही विभाग द्वारा सड़क मरम्मत कार्य शुरू कराया जायेगा।
