जांजगीर चाम्पा । भारतीय जनता पार्टी ओबीसी मोर्चा द्वारा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा और उत्साह का संचार करने के उद्देश्य से कल 20 अगस्त को जांजगीर आडिटोरियम में प्रबुद्धजन सम्मेलन एवं कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 11 बजे जिला पंचायत चौक स्थित ऑडिटोरियम में आयोजित होगा।

सम्मेलन में छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री अरुण साव, वित्त मंत्री एवं जांजगीर-चांपा जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. चौधरी, सांसद कमलेश जांगड़े, छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह तथा पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल प्रमुख रूप से शामिल होंगे। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता एवं पदाधिकारी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करते हुए संगठन को मजबूत बनाने का संदेश देंगे।
कार्यक्रम को लेकर ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष नरेंद्र कौशिक के नेतृत्व में तैयारियां तेज कर दी गई हैं। मोर्चा के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सम्मेलन को सफल बनाने के लिए जुटे हुए हैं। सम्मेलन में संगठनात्मक गतिविधियों, कार्यकर्ताओं की भूमिका तथा पार्टी को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाने को लेकर वरिष्ठ नेताओं का मार्गदर्शन मिलने की उम्मीद है।
ओबीसी मोर्चा ने भाजपा के सभी ज्येष्ठ एवं श्रेष्ठ कार्यकर्ताओं, पदाधिकारियों और प्रबुद्धजनों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।
