Breaking: पुलिस लाइन में 3 बजे उतरेंगे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय भी आयेंगे

जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी ने छत्तीसगढ़ की सभी 11 लोकसभा सीटों में जीत हासिल करने के लिए अपना अभियान शुरू कर दिया है। भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और गृहमंत्री अमित शाह आज 22 फरवरी को जांजगीर लोकसभा से भाजपा के मिशन 11 का शंखनाद करेंगे। शहर के हाई स्कूल मैदान में 3:00 बजे अमित शाह भव्य आमसभा को संबोधित करेंगे। छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ भाजपा नेता राजेश मूणत ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा के मिशन का श्री गणेश जांजगीर लोकसभा सीट से शुरू होने जा रहा है। जांजगीर लोकसभा क्षेत्र के हज़ारों कार्यकर्ता शिरकत करेंगे।

इस सम्बंध में जानकारी देते हुए कस्टर प्रभारी और पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने बताया कि भारतीय जनता पार्टी पूर्व में हुए लोकसभा चुनाव में जांजगीर में विजय हासिल करती रही है। राज्य में विष्णुदेव साय के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने के बाद गृहमंत्री अमित शाह का पहला नगर आगमन है, लिहाज़ा कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत के लिए पूरे शहर को सजाया है। इस सभा को ऐतिहासिक बनाने के लिए बीते कई दिनों से जांजगीर जिले के 8 विधानसभा क्षेत्र, 34 मंडल, 2200 बूथ के कार्यकर्ताओं ने निरंतर तैयारी की है। कल आयोजित सभा मे कम से कम 40 हजार लोग शामिल हो, इस बात का लक्ष्य रखा गया है।

भारतीय जनता पार्टी के इस भव्य कार्यक्रम के जरिए अमित शाह कार्यकर्ताओं को चुनाव की तैयारी के लिए मार्गदर्शन देंगे। इसके साथ ही जनता को संदेश देंगे कि लोकसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को जीत दिलाकर डबल इंजन की सरकार की ताकत से छत्तीसगढ़ और देश को आगे ले जाना है।