अम्बिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यहाँ अम्बिकापुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। इस दिल दहला देने वाले हादसे में कार सवार एक युवक की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, वहीं दुर्घटना के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया।
यह दर्दनाक हादसा मणिपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भिट्ठीकलां गांव का है। बताया जा रहा है कि रात करीब 2 से 2:30 बजे के बीच, भिट्ठीकलां शासकीय प्राथमिक पाठशाला के पास एक ट्रक सड़क किनारे खड़ा था। इसी दौरान हाईवे से गुजर रही एक तेज रफ्तार स्विफ्ट डिजायर कार अनियंत्रित होकर सीधे ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। देर रात हुए इस हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे।
घटना की सूचना मिलते ही मणिपुर थाना पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे गंभीर रूप से घायल युवक को बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल के लिए रवाना किया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस मर्ग कायम कर दुर्घटना के सही कारणों की जांच में जुट गई है।
