अम्बिकापुर। सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत मोहनपुर में मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे आए तेज आंधी-तूफान ने भारी तबाही मचाई। आंधी की चपेट में आने से मोहनपुर निवासी बन्धन का मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। हालांकि घटना के समय घर में मौजूद सभी सदस्य सुरक्षित बच गए, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
मकान ढहने से घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान मलबे में दबकर नष्ट हो गया। अचानक आई इस प्राकृतिक आपदा से परिवार के सामने गंभीर संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित परिवार ने शासन-प्रशासन से नुकसान का सर्वे कर उचित मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।
तेज आंधी-तूफान का असर पूरे क्षेत्र में देखने को मिला। कई अन्य मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। जगह-जगह बिजली के खंभे और तार गिर गए, जिससे विद्युत व्यवस्था बाधित हो गई। वहीं कई बड़े पेड़ उखड़कर सड़कों पर गिर गए, जिसके कारण यातायात प्रभावित हुआ और कई स्थानों पर जाम की स्थिति निर्मित हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने, क्षतिग्रस्त सड़कों को साफ कराने तथा प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किए जाने की प्रतीक्षा की जा रही है।
