कवर्धा। छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में बुधवार की सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब कबीरधाम पुलिस ने अवैध गतिविधियों और नशे के काले कारोबार के खिलाफ एक बड़ी छापामार कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी पुलिस बल ने घुघरीखुर्द स्थित अटल आवास में अचानक दबिश दी। इस पूरी कार्रवाई को बेहद हाईटेक और व्यवस्थित तरीके से अंजाम दिया गया, जहां पूरे इलाके की निगरानी के लिए ड्रोन कैमरों की मदद ली गई। पुलिस की इस औचक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई और मौके से भागने का प्रयास कर रही कुछ संदिग्ध युवतियों सहित कई लोग पुलिस के रडार पर आ गए।
पुलिस अधीक्षक ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि घुघरीखुर्द के अटल आवास में लंबे समय से संदिग्ध बाहरी लोगों के अवैध रूप से रहने, अनैतिक गतिविधियों के संचालन और नशीले पदार्थों की तस्करी की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इन पुख्ता सूचनाओं के आधार पर पुलिस ने कार्ययोजना बनाकर एक साथ कई मकानों में घेराबंदी कर दबिश दी। हालांकि, कार्रवाई के दौरान कुछ कमरों में संदिग्ध गतिविधियां होने की भनक लगते ही कुछ युवतियां मौके का फायदा उठाकर भागने में सफल रहीं, जिनकी तलाश की जा रही है।
शुरुआती तलाशी अभियान में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। चिन्हित मकानों और कमरों की बारीकी से ली गई तलाशी के दौरान भारी मात्रा में संदिग्ध सामग्री, अवैध शराब और प्रतिबंधित नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं। कबीरधाम पुलिस ने मौके से कई संदिग्धों को हिरासत में लिया है, जिनसे वर्तमान में विभिन्न थानों और साइबर सेल की संयुक्त टीम द्वारा कड़ाई से पूछताछ की जा रही है। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर ‘जब्ती पंचनामा’ तैयार कर आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। इस कार्रवाई से जिले के अपराधियों और नशे के सौदागरों में खौफ का माहौल है।
