छत्तीसगढ़ के इस इलाक़े में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, उफान पर नदी-नाले, यहां घर खाली कर रहे लोग



Heavy Rain In Bastar Division: छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाके में कई दिनों से हो रही भारी बारिश ने जनजीवन अस्त व्यस्त कर दिया है। लगातार बारिश की वजह से नदी, नाले उफान पर है। वहीं लगातार नदियों में जलस्तर बढ़ रहा है, जो लोगों के लिए खतरा बना हुआ है। कई इलाकों में पानी बढ़ रहा है। जलभराव की वजह से सीआरपीएफ, छात्रावास समेत कई मकान बाढ़ की चपेट में है, कई गांव टापू बन गए है।

गोदावरी नदी का बढ़ रहा जलस्तर

बताया जा रहा है कि, तेलंगाना में गोदावरी का जलस्तर 2006 के बाद 67 फीट से ऊपर पहुंच चुका है। इसके कारण सुकमा जिले के कोंटा इलाके में तेजी से बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। सीआरपीएफ 212वीं बटालियन के मुख्यालय में 4 फीट तक पानी घुस गया है। जवानों की ओर से मुख्यालय को खाली कराया जा रहा है। कोंटा नगर का सभी मार्गों से सम्पर्क कट गया है।

घरों को खाली कर रहे लोग

तेलंगाना के उच्च अधिकारियों की माने तो गोदावरी नदी का जलस्तर अभी और बढ़ सकता है। अधिकारियों ने अनुमान लगाया है कि, इस साल गोदावरी 1986 और 2006 को याद दिला सकता है। गोदावरी के उफान पर होने से शबरी का जलस्तर भी लगातार बढ़ रहा है। इसके कारण कोंटा के पुरानी बस्ती, नया पारा, ओड़िया पारा, आईटीआई कॉलेज सहित निचले हिस्सों में लगातार बाढ़ का पानी अंदर प्रवेश कर रहा है। इसे देखते हुए लोग घरों को खाली करने में लग गए है।