कांग्रेस के लोगों को माफी मांगनी चाहिये जनता से : अनुराग…

भाजपा जिलाध्यक्ष व पूर्व विधायक ने लुण्ड्रा विधायक से कहा इस्तीफा दें

मामला कथित विधायक प्रतिनिधि द्वारा ब्राउन तस्करी का

अम्बिकापुर

लुण्ड्रा कथित विधायक प्रतिनिधि मुरारी लाल चौबे के पास से ब्राउन शुगर पकड़े जाने के मामले को लेकर भाजपा प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव, भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी व पूर्व विधायक लुण्ड्रा विजयनाथ सिंह ने मंगलवार को अम्बिकापुर नगर के सर्किट हाउस में प्रेसवार्ता के दौरान कांग्रेसियों पर जमकर निशाना साधा। प्रदेश मंत्री अनुराग सिंहदेव ने आरोप लगाते हुये कहा कि लुण्ड्रा के विधायक प्रतिनिधि कई लाख रूपये के ब्राउन शुगर की तस्करी करते पकड़े गये, उनके विरूद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्यवाही भी हुई। उसके बाद विधायक लुण्ड्रा चिंतामणी महाराज व कांग्रेस के अन्य नेताओं द्वारा लुण्ड्रा पुलिस पर दबाव बनाया गया व पूरजोर कोशिश की गई कि मामला रफा-दफा हो जाये, लेकिन पुलिस ने नियमानुसार अपनी कार्यवाही की। श्री सिंहदेव ने कहा कि चिंतामणी महाराज द्वारा मई महिने में मुरारीलाल को नियुक्त करते हैं और जून में हटा देते हैं तो इसका मतलब उन्हें मुरारीलाल के द्वारा ब्राउन शुगर तस्करी का पता था।

श्री सिंहदेव ने आगे बताया कि ब्राउन शुगर एक ऐसा जहर है जो समाज में फैल जाये तो अल्प समय में तोडने और बर्बाद करने में सक्ष्म है। यह एक खतरनाक लत है, जो एक बार लग जाये तो छूटती नहीं है। भाजपा की मांग है कि कांग्रेस से जुड़े और कितने व्यक्ति इस धंधे में हैं और उनके तार कहां-कहां फैले हैं, इसकी विस्तृत जांच होनी चाहिये। श्री सिंहदेव का कहना था कि अब तक जितनी घटना पिछले समय व वर्तमान में घटित हुई है उसमें कांग्रेसियों का नाम ही क्यों आ रहा है। उदाहरण तौर पर उन्होंने चार-पांच महीना पूर्व ही कांग्रेस के पार्षद फारूख ईदरिशी के यहां पुलिस द्वारा छापेमारी में चोरी का भारी मात्रा में सामान मिला था। ऑक्सीजन सिलेण्डर, ट्रांसफार्मर जैसे महत्वपूर्ण सामग्री भी फारूख के यहां से पुलिस ने बरामद की थी। श्री सिंहदेव ने आगे बताया कि कांग्रेसियों द्वारा सुखरी-सपना एवं लखनपुर क्षेत्र में कोयले की काला बाजारी व परिवहन किया जा रहा है। आज नगर में गैस रिफलिंग का मामला भी उन्होंने कांग्रेसी नेताओं से जुड़ा हुआ बताया। श्री सिंहदेव ने कहा कि भाजपा जानना चाहती है कि सरगुजा में कांग्रेसियों को 7 सीट मिलने का उत्साह तो नही। उन्होंने दिग्विजय सरकार की ओर भी इशारा करते हुये कहा कि ऐसा है तो सरगुजा की जनता से कांगेे्रस के लोगों को माफी मांगना चाहिये। जो भी इस कृत्य से जुड़े हैं उन्हें कांग्रेस बाहर का रास्ता दिखाये। श्री सिंहदेव ने कहा कि कांग्रेस अभी तक अपने नेताओं का निष्काशन तो दूर उन्हें नोटिस भी नहीं दिया है।

भाजपा जिलाध्यक्ष अखिलेश सोनी ने कहा कि पुलिस बिना दबाव के अपना काम की है। कोई एक दिन में तस्कर नहीं बनता है। लम्बे समय से मुरारीलाल चैबे के वाहन में विधायक प्रतिनिधि लिखा हुआ था और वह इसी को वह आड़ व सरंक्षण बनाकर ब्राउनशुगर तस्करी का कार्य कर रहा था। श्री सोनी ने कहा कि इस घटना से गहिरा गुरू के अनुयायी को ठेस पहुंचा है। उन्होंने कहा कि चिंतामणी महाराज पूर्व में हमारे दल में थे पर जबसे वे कांग्रेस मेें गये हैं उनकी मनोदशा बदल गई है। किसी को सरंक्षण देना अनैतिक है। उसकी विस्तृत जांच होनी चाहिये। समाज के लोगों को भी आगे आना चाहिये और इस कारोबार के विरूद्ध आवाज उठाना चाहिये। श्री सोनी ने लुण्ड्रा विधायक से नैतिकता के आधार पर त्याग पत्र देने की बात कही और जनता से क्षमा मांगने को कहा।

लुण्ड्रा के पूर्व विधायक विजयनाथ सिंह ने कहा कि गहिरा गुरू की जो प्रतिष्ठा थी इस घटना से काफी आघात पहुंचा है। उनके पुत्र चिंतामणी महाराज को तत्काल कांग्रेस से त्याग पत्र व अपने पद से इस्तिफा दे देना चाहिये। जिस परंपरा को गहिरा गुरू ने शुरू किया था आज उनके पुत्र के माध्यम से उनके अनुयायी व समाज के लोगों को गहरा आघात पहुंचा है।