– अंतिम संस्कार के लिए आने वाले लोगों पर सांप-बिच्छू का खतरा, रोशनी के इंतजाम में जिम्मेदारों की संवेदनहीनता उजागर
जांजगीर। शहर के मुक्तिधाम में अंतिम विदाई देने पहुंचने वाले लोगों को इन दिनों अंधेरे के बीच परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां महीनों से बिजली के खंभे खराब पड़े हैं, लेकिन नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों की नजर अब तक इस गंभीर समस्या पर नहीं पड़ी है। हालात ऐसे हैं कि रात के समय अंतिम संस्कार के लिए पहुंचने वाले परिजनों को अंधेरे में रास्ता तलाशना पड़ता है।
मुक्तिधाम जैसी संवेदनशील जगह पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था होना बुनियादी जरूरत है, लेकिन जांजगीर में व्यवस्था इसके उलट नजर आ रही है। रात के अंधेरे में जहरीले सांप और बिच्छुओं का खतरा भी बना रहता है। ऐसे में पहले से ही दुख और शोक में डूबे परिजनों की परेशानी और बढ़ जाती है।
विडंबना देखिए, शहर की मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखने की जिम्मेदारी संभालने वाली नगरपालिका को शायद मुक्तिधाम की बदहाल व्यवस्था दिखाई नहीं दे रही है। महीनों से खराब बिजली के खंभे व्यवस्था की पोल खोल रहे हैं।
सवाल यह है कि क्या नगरपालिका के जिम्मेदार अधिकारियों को रोशनी की व्यवस्था करने के लिए किसी बड़े हादसे का इंतजार है? जिला प्रशासन भी इस समस्या पर कब संज्ञान लेगा? अंतिम विदाई के इस स्थान पर कम से कम अंधेरे की विदाई तो होनी ही चाहिए।
