सीतापुर/अनिल उपाध्याय। व्यवसायिक कार्य से बाजार जाने के लिए निकले 70 वर्षीय बुजुर्ग नेशनल हाईवे क्र-43 के जर्जर सड़क की बलि चढ़ गये।बाजार जाने के दौरान सड़क पर निर्मित गड्ढे की चपेट में आकर बुजुर्ग व्यवसायी स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े।तभी पीछे से आ रही ट्रेलर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और पिछला चक्का सिर पर चढ़ने से उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।आखिरकार नेशनल हाईवे अथॉरिटी की लापरवाही एवं प्रशासनिक उदासीनता के कारण जर्जर सड़क की वजह से एक बुजुर्ग की जान चली गई।
उक्त घटना नेशनल हाईवे क्र-43 पर शाम 6 बजे के आसपास की है।नगर के थोक किराना व्यवसायी त्रिलोकचंद गोयल शाम को अपनी स्कूटी से व्यवसाय के सिलसिले में बाजार की ओर जा रहे थे।इस दौरान जैसे ही वो सरगुजा साड़ी हाउस के पास पहुँचे उनकी स्कूटी सड़क में निर्मित गड्ढे की चपेट में आकर असंतुलित हो गई और वो स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए।तभी पीछे से रायगढ़ की ओर जा रही ट्रेलर क्रमांक UP78J N2987 ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया और ट्रेलर का पिछला चक्का उनके सिर पर चढ़ गया।जिससे बुजुर्ग व्यवसायी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।घटना के बाद शव हॉस्पिटल ले जाने लोगों ने एम्बुलेंस बुलाया पर एम्बुलेंस समय पर नही पहुँची।
घटना के बाद मौके पर मौजूद पुलिस के जवानों ने स्ट्रेचर पर लादकर शव हॉस्पिटल पहुँचाया।इस घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई थी जिसकी वजह से कुछ देर के लिए सड़क जाम एवं घटनास्थल पर अफरा तफरी का माहौल बन गया था।थाना प्रभारी प्रदीप जायसवाल ने सूझबूझ से काम लेते हुए ट्रेलर को जब्त कर थाने भिजवाया एवं मौके से भिड़ हटाकर सड़क पर आवागमन बहाल कराया।फिलहाल पुलिस ने ट्रेलर जब्त करने के बाद इस मामले में मर्ग कायम करते हुए जांच शुरू कर दी है।
