छत्तीसगढ़: संपत्ति विवाद पर पुत्र ने पिता पर किया जानलेवा हमला, हालत गंभीर

धमतरी। सीमावर्ती बालोद जिले के कंवर पुलिस चौकी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सांगली में बेटे ने संपत्ति विवाद पर पिता पर टंगिया से प्राणघातक हमला कर दिया। इसके बाद पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

जिला अस्पताल की पुलिस चौकी से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सांगली निवासी नरेश निषाद (65 वर्ष) के तीन बेटे हैं। सभी अलग-अलग रहते हैं। पिता अपने पुत्र दिनेश निषाद के साथ रहते हैं। 29 मार्च की सुबह दिनेश अपने काम से निकल गया था।

इसके बाद उसका सबसे बड़ा भाई भगत निषाद घर पहुंचा। पिता के साथ उसकी संपत्ति को लेकर विवाद हो गया। उसने कुल्हाड़ी से पिता के सिर पर प्राणघातक हमला कर दिया। पिता वहीं लहूलुहान होकर गिर गए। इसके बाद भगत निषाद ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया।

ग्रामीणों की मदद से लहूलुहान स्थिति में नरेश निषाद को पलारी के अस्पताल ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल धमतरी रेफर कर दिया गया। घायल की स्थिति गंभीर बनी हुई है।

कंवर पुलिस चौकी प्रभारी कैलाशचंद मरई ने बताया कि, भगत निषाद ने अपने पिता पर कुल्हाड़ी से प्राणघातक हमला कर दिया और पुलिस चौकी में आत्मसमर्पण कर दिया। उसके खिलाफ हत्या की कोशिश का अपराध दर्ज किया गया है।